Trending News

कल्याण सिंह की हालत नाजुक,सीएम योगी मिलने पहुंचे हॉस्पिटल

[Edited By: Vijay]

Tuesday, 27th July , 2021 01:30 pm

एसजीपीजीआई में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। मंगलवार दोपहर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ भी उनका हाल चाल जानने पीजीआइ पहुंचे। उनका इलाज कर रही टीम से जुड़े डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत में लगातार गिरावट आ रही है। मंगलवार सुबह संस्थान के निदेशक प्रो आरके धीमन ने बताया कि कई दिनों से उनकी स्थिति नाजुक बनी है, इस कारण अभी भी उन्हें लाइफ सेविंग सपोर्ट सिस्टम पर ही रखा गया है। उनकी हर पल मानीटरिंग के लिए कई विभागों के डॉक्टर काम कर रहे है।

उन्हें गंभीर हालत में चार जुलाई को संस्थान के सीसीएम में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हुआ, लेकिन 17 जुलाई को सांस लेने में दिक्कत के बाद उन्हें नॉन इनवेसिव वेंटिलेशन पर रखा गया। स्थिति और अधिक बिगड़ने के कारण उन्हेंं लाइफ सेविंग सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। प्रो धीमन ने बताया कि उनके सभी पैरामीटर की क्लोज मॉनिटरिंग की जा रही है। सीसीएम कार्डियोलॉजी नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी और एंडोक्रिनोलॉजी उनके स्वास्थ्य से जुड़े तमाम पहलुओं पर कड़ी नजर रखे हुए है। अस्पताल में पूर्व मुख्यमंत्री के परिवारीजन मौजूद हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को तीन जुलाई के देर रात लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने के बाद चार जुलाई की शाम संजय गांधी पीजीआइ में शिफ्ट किया गया। उनको पीजीआइ के सीसीएम (क्रिटिकल केयर मेडिसिन) डिपार्टमेंट के आइसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) में भर्ती किया गया है। कल्याण सिंह का हालचाल लेने के लिए लगातार पार्टी के वरिष्ठ नेता पहुंच रहे हैं। तीन बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जा चुके हैं और उनके इलाज की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

Latest News

World News