[Edited By: Rajendra]
Friday, 21st October , 2022 12:29 pmपीएम नरेंद्र मोदी ने पिछले दिनों केंद्र सरकार के विभागों में 10 लाख भर्तियां करने का ऐलान किया था। अब धनतेरस से इस पर अमल की शुरुआत होने वाली है। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी 75,000 नए कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपने वाले हैं। पीएमओ के मुताबिक इस मौके पर कर्मचारियों को प्रधानमंत्री संबोधित भी करेंगे। जून में ही पीएम नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया था कि आने वाले डेढ़ सालों में केंद्र सरकार की नौकरियों में 10 लाख लोगों को भर्ती किया जाएगा। इसका अर्थ हुआ कि 2024 के आम चुनाव से पहले यह भर्ती अभियान पूरा हो जाएगा।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि सबसे ज्यादा भर्ती रक्षा मंत्रालय में हैं। यहां 2.5 लाख पद खाली हैं। इसके अलावा रेलवे में भी 2.9 लाख पद भरे जाने हैं। वहीं होम मिनिस्ट्री में भी सी कैटिगरी के 1.2 लाख रिक्त पदों पर भर्तियां होनी हैं। इन 10 लाख नौकरियों में से कुल 23,000 पद राजपत्रित अधिकारियों के हैं। इसके अलावा 26 हजार ग्रुप बी के हैं। वहीं गैर-राजपत्रित बी कैटिगरी के भी 92,000 पद खाली हैं। सबसे ज्यादा 8.4 लाख पद सी ग्रुप के हैं, जिनकी भर्ती से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलने वाला है।
इन भर्तियों के लिए केंद्र सरकार के सभी विभागों की ओर से कोशिशें तेज कर दी गई हैं। पहले राउंड में कुल 38 विभागों को 75 हजार नए कर्मचारी मिलने वाले हैं। कुल 10 लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया यूपीएससी, एसएससी, रेलवे भर्ती बोर्ड और अन्य संस्थाओं के माध्यम से पूरी की जानी है। इन पदों में क्लर्क, इनकम टैक्स ऑफिसर, सिपाही से लेकर केंद्रीय सुरक्षा बलों में अफसर तक की वैकेंसी हैं। गौरतलब है कि मोदी सरकार पर भर्तियां न निकालने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में आम चुनाव से पहले 10 लाख नौकरियां देकर सरकार ऐसे तमाम आरोपों की काट करने की कोशिश करेगी।
रेलवे की तरफ से हाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, डाक विभाग की तरफ से पटना के अधिवेशन भवन में आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री आरके सिंह और मुजफ्फरपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पशुपति नाथ पारस नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
देश भर से चयनित नए कर्मियों को भारत सरकार के 38 मंत्रालयों व विभागों में नियुक्त किया है। नवनियुक्त कर्मी विभिन्न स्तरों पर सरकार में शामिल होंगे, जैसे समूह-ए, समूह-बी (राजपत्रित), समूह-बी (अराजपत्रित) और समूह-सी। जिन पदों पर नियुक्तियां की गई है, उनमें केंद्रीय सशस्त्र बल कार्मिक, उप निरीक्षक, कांस्टेबल, एलडीसी, स्टेनो, पीए, आयकर निरीक्षक, एमटीएस तथा अन्य शामिल हैं।
ये भर्तियां, मंत्रालयों और विभागों द्वारा मिशन मोड में या तो स्वयं या यूपीएससी, एसएससी, रेलवे भर्ती बोर्ड जैसी भर्ती एजेंसियों के माध्यम से की गई है। चयन प्रक्रियाओं को सरल और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया गया है। यह जानकारी पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने दी।
नीतीश कुमार शुक्रवार को ही करीब 9500 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र देने जा रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के लिए चयनित साढ़े नौ हजार अभ्यर्थियों को एक कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र देंगे। इसके साथ ही वे कई योजनाओं उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इन कर्मियों में साढ़े आठ हजार एएनएम और एक हजार अन्य कर्मचारी हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय की जानकारी के अनुसार बापू सभागार के सम्राट अशोक कंवेंशन सेंटर कार्यक्रम का आयोजन राज्य स्वास्थ्य समिति की किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ ही स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव, शिक्षा मंत्री विजय चौधरी के अलावा अन्य मंत्री व पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।