Trending News

यूपी पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर जितने दावे कर सकती है, असल में स्थिति वैसी ही है.

[Edited By: Rajendra]

Thursday, 15th September , 2022 02:13 pm

लखीमपुर खीरी में दो सगी बहनों के साथ बलात्कार फिर उनकी हत्या कर पेड़ पर उनके शव टांगने की घटना से प्रदेश में कोहराम मच गया है। लखीमपुर में बुधवार शाम करीब 6 बजे दो नाबालिग लड़कियों के शव पेड़ से लटके मिले। एक 7वीं और दूसरी 10वीं की छात्रा थी। मां ने आरोप लगाया कि कुछ लड़के बाइक से बेटियों की अगवाकर ले गए, रेप के बाद मर्डर कर दिया। इस घटना की बात करें उससे पहले क्या आपको साल 2014 का बदायूं कांड याद है...? जहां इसी तरीक से दो नाबालिग लड़कियों के शव रेप के बाद आम के पेड़ से लटके मिले थे। करीब 7 साल पुराने केस का जिक्र यहां हमने सिर्फ इस लिए किया कि यूपी पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर चाहें जितने बड़े दावे कर ले हालात असल में वैसे ही हैं। कई घटनाओं में पुलिस का पीड़ित और दुखी परिवार से किया गया दुर्व्यवहार भी खासा चर्चा का विषय बना। ताजा मामले की बात करें तो यहां भी पुलिस पर शव को जबरदस्ती अपने कब्जे में लेने का आरोप है। बताया गया कि मौके पर पहुंची पुलिस, शव को कपड़े में लपेटकर जबरन घटनास्थल से लेकर चली गई। जिससे परिवार के लोग अपनी दोनों मृतक बेटियों को ढंग से देख भी न सके।

पुलिस जांच के लिए पहुंची तो लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। एसपी संजीव सुमन को जाना पड़ा, लेकिन ग्रामीण उनसे भी भिड़ गए। स्थिति यह आ गई कि यूपी सरकार ने रातोंरात IG लक्ष्मी सिंह को लखीमपुर भेजा, जो रातभर गांव में ही रुकी रहीं। करीब 15 घंटे बाद गुरुवार सुबह एसपी संजीव सिंह मीडिया के सामने आए। बोले- निघासन में हुई इस घटना में लड़कियों को जबरदस्ती नहीं ले जाया गया था। आरोपी बहला-फुसलाकर उन्हें ले गए। रेप किया और जब लड़कियां शादी की बात पर अड़ीं तो मर्डर कर दिया। यह पांच आरोपियों की फोटो है। पुलिस ने इनके फोटो जारी किए हैं। एक आरोपी जुनैद है, जिसे मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

परिवार की मौजूदगी में डॉक्टरों के पैनल ने लड़कियों की बॉडीज का पोस्टमार्टम किया। वीडियोग्राफी कराई गई। पोस्टमार्टम हाउस के आगे भारी पुलिस बल तैनात था। लड़कियों के शव अब अंतिम संस्कार के लिए गांव पहुंच गए हैं। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गैंगरेप की पुष्टि हुई है। पहले गला दबाकर दोनों बहनों की हत्या की गई, फिर फंदे पर शव लटकाया।

एसपी संजीव सुमन बोले, "परिवार से तहरीर ली गई। परिवार ने छोटू के खिलाफ नामजद शिकायत की। ये पीड़ित के गांव के पड़ोस में रहने वाला है। 3 अज्ञात लोगों का नाम दिया। जांच के बाद 3 नाम सामने आए। ये तीनों लोग जुनैद, सुहैल और हफीजुर्रहमान हैं। इन लोगों के बीच दोस्ती थी। सुहैल और हफीजुर्रहमान को रात में गिरफ्तार किया गया था। जुनैद को अभी थोड़ी देर पहले गिरफ्तार किया गया है। जुनैद को पैर में गोली लगी है। छोटू ने 3 युवकों सुहैल, हफीजुर्रहमान और जुनैद से लड़कियों का परिचय कराया था।

एसपी संजीव सुमन ने बताया कि गुरुवार को हमने जो जानकारियां घटना के बारे में दी हैं, वो लोगों से पूछताछ, आरोपियों के बयान और अब तक की जांच के आधार पर हैं। बुधवार दोपहर के वक्त तीनों बाइक से गांव आए थे। लड़कियों को बहलाकर ले गए। पहले खेत में ले गए। वहां इनकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। इस वक्त छोटू वहां मौजूद नहीं था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जब लड़कियां शादी की बात पर अड़ गईं, तो उन्होंने गुस्से में लड़कियों की गला दबाकर हत्या कर दी। चुन्नी और दुपट्टे से हत्या की और शव पेड़ों पर लटका दिया। इन लोगों ने दो और लड़कों को फोन करके बुलाया। इनके नाम हैं करीमुद्दीन, आरिफ। ये सभी लड़के लालपुर के रहने वाले हैं।'

मां ने बताया था- ''बुधवार शाम 4 बजे का वक्त था। मेरी दोनों बेटियां घर के बाहर बैठी थीं। मैं भी बाहर ही नल पर बर्तन धो रही थी। अचानक बाइक पर दो युवक आए और मेरी दोनों बेटियों को बाइक पर जबरन बैठा लिया। मैंने उन्हें रोकने की कोशिश की। तभी बाइक सवार युवक ने मेरे पेट पर लात मार दी। वह एक ही बाइक पर बेटियों को लेकर फरार हो गए। मैं चिल्लाई तो गांव के कई लोगों ने बाइक सवारों का पीछा किया। मगर, वे पकड़ में नहीं आए। काफी देर तक तलाश की। बाद में दोनों बेटियों के शव गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर एक गन्ने के खेत में पेड़ से लटके मिले। रेप करने के बाद मेरी बेटियों की हत्या करके शव को फंदे पर लटका दिया।''

पिता ने बुधवार को कहा था- "मैं जब घर पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला। मैंने आसपास के लोगों से पूछा तो मुझे घटना के बारे में पता चला। मैं भी उधर की तरफ भागा, जिधर सब गए थे। वहां मेरी बेटी के शव पेड़ पर लटके हुए थे। गांव के ही एक लड़के ने अपहरण करके मेरी बेटियों की हत्या की है।"

समाजवादी पार्टीं: अखिलेश बोले, "पुलिस पर पिता का आरोप बेहद गंभीर है। बिना पंचनामा और सहमति के उनका पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। लखीमपुर में किसानों के बाद अब दलितों की हत्या ‘हाथरस की बेटी’ हत्याकांड की जघन्य पुनरावृत्ति है।'

कांग्रेस: राहुल गांधी ने कहा, "बेहद विचलित करने वाली घटना है। बलात्कारियों को रिहा करवाने और उनका सम्मान करने वालों से महिला सुरक्षा की उम्मीद की भी नहीं जा सकती। हमें अपनी बहनों-बच्चियों के लिए देश में एक सुरक्षित माहौल बनाना ही होगा।' प्रियंका गांधी बोलीं- आखिर यूपी में महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराध क्यों बढ़ते जा रहे हैं?

बहुजन समाज पार्टी: मायावती ने कहा, "ऐसी दुःखद व शर्मनाक घटनाओं की जितनी भी निन्दा की जाए वह कम है। यूपी में अपराधी बेखौफ हैं, क्योंकि सरकार की प्राथमिकताएं गलत हैं।'

यूपी सरकार ने कहा- दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन लिया जाएगा। अपोजिशन से राजनीति न करने की अपील है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले- ऐसी सजा दी जाएगी कि आरोपियों की आने वाली आने वाली पीढ़ियों की रूह कांप जाएगी।

Latest News

World News