[Edited By: Punit tiwari]
Thursday, 7th January , 2021 01:49 pmउत्तर प्रदेश के चर्चित विकास दुबे केस में छह महीने से फरार चल रहे इनामी बदमाश विपुल दुबे को पुलिस ने छह महीने बाद कानपुर के सजेती क्षेत्र से धर दबोचा। शातिर घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। विपुल की गिरफ्तारी पर आईजी ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। क्राइम ब्रांच, एसटीएफ की टीमें विपुल से पूछताछ कर रही हैं।
देर रात सजेती पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे धरदबोचा है। उसके पास से एक तमंचा और दो कारतूस के साथ बरामद किया गया है। घटना के बाद से अब तक पुलिस ने 36 लोगों को गिरफ्तार किया और छह का एनकाउंट कर चार्जशीट दाखिल कर दी थी। विपुल पर घटना की साजिश और विकास दुबे के साथ अपराध में शामिल होने का आरोप है। सीओ घाटमपुर रवि कुमार सिंह ने बताया कि बिकरू कांड के एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ में पता चला कि उसने मोबाइल का इस्तेमाल ही बंद कर दिया था। मोबाइल का इस्तेमाल बंद कर देने से सर्विलांस पर भी उसकी लोकेशन नहीं पकड़ में आ रही थी। इस नाते उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका। सूत्रों की माने तो दीपावली के दौरान विपुल गांव आया था और तब उसकी लोकेशन कानपुर देहात में मिली थी। एसटीएफ के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। तबसे उसका पता नहीं लग रहा था। आइजी ने बताया कि आरोपित को पकड़ने के लिए तीन टीमें लगी थीं।
बता दें कि दो जुलाई 2020 की रात बिकरू गांव में कुख्यात अपराधी विकास दुबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर सीओ देवेंद्र मिश्रा समेत 8 पुलिसकर्मयों की हत्या कर दी थी बाद में पुलिस ने विकास दुबे समेत आठ को मुठभेड़ में मार गिराया था। घटना के बाद से ही विपुल दुबे फरार था। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रहीं थी लेकिन कुछ पता नहीं चल पा रहा था।