Trending News

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मप्र में आज चौथा दिन

[Edited By: Rajendra]

Saturday, 26th November , 2022 12:52 pm

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मप्र में आज यानी शनिवार को चौथा दिन है। खंडवा जिले के मोरटक्का से सुबह 6 बजे शुरू होने के बाद बड़वाह होते हुए यात्रा करीब 9.30 बजे खरगोन जिले के मनिहार पहुंच गई। अब यहां राहुल भोजन ब्रेक लेंगे। यात्रा का दूसरा चरण दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा। टी ब्रेक के बाद प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा इंदौर होते हुए दिल्ली रवाना हो गए।

राहुल गांधी की यात्रा आज जब ओमकारेश्वर से इंदौर की तरफ बढ़ रही थी तो टी ब्रेक के दौरान धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गिर गए। वहां मौजूद समर्थकों और सुरक्षा बलों ने उन्हें सहारा दिया। इसके बाद दिग्विजय उठकर खड़े हुए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिग्विजय सिंह को इस हादसे में गंभीर चोटें नहीं पहुंची हैं। वह स्वस्थ नजर आ रहे हैं और यात्रा के साथ आगे बढ़ रहे हैं। दिग्विजय आज राहुल गांधी के साथ भी कदम से कदम मिलाकर चलते हुए नजर आए। आपको बता दें कि बड़वाह से करीब 4 किमी की दूरी पर राहुल गांधी अचानक चोर बावड़ी के पास एक होटल में चाय के लिए रुक गए। उस समय वहां भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। इस कारण दिग्विजय सिंह जमीन पर गिर पड़े। कुछ कार्यकर्ता भी उनके ऊपर गिर पड़े। दिग्विजय सिंह ने इस पूरे प्रकरण को लेकर नाराजगी भी जताई है।

बड़वाह से करीब 5 किलोमीटर दूर चोर बावड़ी के पास राहुल गांधी ने वृंदावन रेस्टोरेंट पर टी ब्रेक लिया। इस दौरान उनके साथ प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा, उनके बेटे रेहान, कांग्रेस नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे। वे करीब आधे घंटे यहां रुके। होटल में प्रवेश के दौरान दिग्विजय सिंह धक्का-मुक्की में गिर गए। उन्हें स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उठाया। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने नाराजगी जताई। टी ब्रेक के बाद रॉबर्ट वाड्रा और प्रियंका गांधी सीधे इंदौर के लिए निकल गए जबकि राहुल गांधी पैदल मनिहार के लिए रवाना हुए। करीब 3 किलोमीटर का सफर उन्होंने पैदल तय किया। इसके बाद वे महेश्वर विधानसभा के मनिहार पहुंचे। इसी स्थल पर वे भोजन विश्राम कर रहे है। दोपहर 3.30 बजे यात्रा बलवाडा के लिए निकलेगी।

यहां से यात्रा खरगोन जिले के बलवाड़ा होते हुए महू पहुंचेगी। राहुल यहां आंबेडकर स्मारक पर बाबा साहेब आंबेडकर काे नमन करेंगे। इसके बाद आमसभा को संबोधित करेंगे। मंच पर उनके साथ मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत देश व प्रदेश के करीब 40 नेता मौजूद रहेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा के 80वें दिन और मध्यप्रदेश में अपनी यात्रा के चौथे दिवस राहुल गांधी अपने रात्रि विश्राम स्थल मोरटक्का सुबह आगे की यात्रा के लिए रवाना हुए। सुबह कड़कड़ाती ठंड के बावजूद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा सुबह 6.20 बजे सधे हुए कदमों से तेज चाल चलते हुए आगे के लिए निकले। विश्राम स्थल से करीब 200 मीटर दूर नर्मदा पुल से राहुल गांधी ने बड़वाह क्षेत्र में प्रवेश किया। इस दौरान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका अभिवादन किया। पुल पर उदय होते सूर्य एवं नर्मदा नदी को बहते हुए देखा।

पुल समाप्त होने के बाद सड़क के दोनों और राहुल गांधी के फोटो,वीडियो लेने के लिए भीड़ जमा थी। पूरा मार्ग फ्लेक्स-बैनर, कांग्रेस के झंडो एवं कटआउट से पटा हुआ था। सड़क के दोनों ओर राहुल से मिलने और उनके साथ सेल्फी लेने वालों की भीड़ लगी हुई थी। लोग लगातार राहुल गांधी से अनुरोध कर रहे थे कि उन्हें डी के अंदर आने दिया जाए एवं सेल्फी लेने दी जाए। कई लोग जिन्हें राहुल गांधी ने अनुमति दी वे आए, राहुल ने उनसे चर्चा करते हुए बातचीत भी की।

राहुल गांधी ने जब बड़वाह शहर की सीमा में प्रवेश किया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों का उत्साह देखते बन रहा था। राहुल और प्रियंका दोनों को देखने के लिए भारी भीड़ मौजूद थी। जगह-जगह मंच लगे हुए थे। लेकिन राहुल गांधी बिना किसी मंच पर चढ़े केवल हाथ मिलाकर अभिवादन करते हुए निकलते गए। केवल आधे घंटे के भीतर ही वे बड़वाह से बाहर निकल कर निर्मल विद्यापीठ पहुंचे । लेकिन राहुल ने यहां टी ब्रेक नहीं लिया। रास्ते में आदिवासी नृत्य करते हुए कलाकारों ने राहुल का अभिवादन किया। राहुल ने भी हाथ हिलाकर उन्हें जवाब दिया।

Latest News

World News