Trending News

अंकिता हत्याकांड को लेकर पूरे देश में बवाल

[Edited By: Rajendra]

Wednesday, 31st August , 2022 01:00 pm

झारखंड के दुमका में अंकिता की हत्या के बाद दर्ज प्राथमिकि में सुधार किया गया है। इस प्राथमिकी को सुधारने के बाद अब अंकिता की उम्र 15 साल 9 माह कर दी गई है। इससे पहले अंकिता की उम्र 19 साल दर्ज की गई थी। अंकिता की उम्र को सही किये जाने के बाद अब आरोपी शाहरुख पर पॉक्सो एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है।

दरअसल अंकिता हत्याकांड में पीड़िता की उम्र 19 साल दर्ज की गई थी। जिसे लेकर काफी विवाद हो रहा था। इसके बाद मंगलवार को दुमका नगर थाना की पुलिस ने अंकिता की उम्र में सुधार कर इस विवाद पर विराम लगाने की कोशिश की। पुलिस के अधिकृत सूत्रों के मुताबिक, अंकिता के सर्टिफिकेट में उसकी जन्मतिथि 26 नवंबर 2006 है। इसी आधार पर अब उसके उम्र में सुधार किया गया है।

बता दें कि जब अंकिता जिंदा थी तब उसके बयान के आधार पर हत्या के प्रयास का धारा 307 लगाई गई थी। लेकिन उसकी मौत के बाद भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत इसे हत्या के केस में तब्दील किया गया। अब इस मामले में आईपीसी की धारा 302, 34 और 120 बी के साथ पॉक्सो एक्ट की दारा 12 के तहत केस चलेगा।

जानकारी के मुताबिक, बाल कल्याण समिति दुमका के बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट ने मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए केश में पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ने की अनुशंसा एसपी से की है। जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी प्रकाश चंद्र अंकिता के घर गये थे। यहां उन्होंने लड़की के उम्र प्रमाण पत्र संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ली थी। जिसमें लड़की के नाबालिग होने का पता चला।

अंकिता हत्याकांड को लेकर पूरे देश में बवाल मचा हुआ है। इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग की एक टीम आज दुमका में अंकिता के परिजनों से मिलेगी। वहीं भाजपा नेता कपिल मिश्रा और सांसद निशिकांत दुबे भी अंकिता के परिवारवालों से मुलाकात करेंगे।

इससे पहले इस मामले को हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया था। इसके बाद हाईकोर्ट ने इस केस से जुड़ीं सभी फाइलों के साथ राज्य के डीजीपी को तलब किया था। हाईकोर्ट ने अंकिता के परिवारवालों को सुरक्षा मुहैया कराने का भी निर्देश दिया था।

यह मामला 23 अगस्त का है। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली अंकिता अपने घर में सो रही थी। तड़के सुबह करीब पांच बजे उसी मोहल्ले में रहने वाला शाहरुख हुसैन उसके घर पहुंचा। उसने खिड़की के कांच तोड़कर अंकिता पर पेट्रोल डाला और माचिस जला कर उसे आग के हवाले कर दिया। अंकिता को गंभीर हालत में दुमका जिले के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद 23 अगस्त को ही अंकिता को रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। अंकिता के दोनों हाथ, दोनों पैर, पीठ का हिस्सा और पेट का काफी हिस्सा बुरी तरह से जल गया था। पांच दिन तक वह जिंदगी और मौत से जूझती रही। शनिवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

Latest News

World News