Trending News

सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती आज, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने किया नमन

[Edited By: Punit tiwari]

Saturday, 23rd January , 2021 11:17 am

नई दिल्ली। स्वतंत्रता सेनानी और आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज 125वीं जयंती है। बता दें कि केंद्र की मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अब हर साल 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिन को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया है। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद , उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य नेताओं ने उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट कर लिखा, नेताजी सुभाष चंद्र बोस के 125वें जयंती वर्ष के समारोहों के शुभारंभ के अवसर पर उनको सादर नमन। उनके अदम्य साहस और वीरता के सम्मान में पूरा राष्ट्र उनकी जयंती को “पराक्रम दिवस” ​​के रूप में मना रहा है। नेताजी ने अपने अनगिनत अनुयायियों में राष्ट्रवाद की भावना का संचार किया। दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, भारत के स्वतंत्रता संग्राम में असाधारण योगदान देने वाले नेताजी हमारे सबसे प्रिय राष्ट्र नायकों में से एक हैं। उनकी देशभक्ति और बलिदान से हमें सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने आज़ादी की भावना पर बहुत बल दिया और उसे मजबूत बनाने के लिए हम पूर्णतया प्रतिबद्ध हैं।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, महान स्वतंत्रता सेनानी और भारत माता के सच्चे सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जन्म-जयंती पर शत-शत नमन। कृतज्ञ राष्ट्र देश की आजादी के लिए उनके त्याग और समर्पण को सदा याद रखेगा।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी नेताजी को याद करते हुए लिखा, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के साहस और पराक्रम ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई शक्ति प्रदान की। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में अपने करिश्माई नेतृत्व से देश की युवाशक्ति को संगठित किया। स्वतंत्रता आन्दोलन के ऐसे महानायक की 125वीं जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के साहस और पराक्रम ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई शक्ति प्रदान की। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में अपने करिश्माई नेतृत्व से देश की युवाशक्ति को संगठित किया। स्वतंत्रता आन्दोलन के ऐसे महानायक की 125वीं जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।

वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट पर लिखा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व त्याग कर हर कठिनाई का सामना करना स्वीकार किया, ऐसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर मैं नमन करता हूँ। उनके साहस और पराक्रम से आने वाली पीढ़ियाँ भी प्रेरणा प्राप्त करती रहेंगी।

Latest News

World News