Trending News

पुलिस कमिश्नर ने श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की पुष्टि की

[Edited By: Rajendra]

Tuesday, 9th August , 2022 12:48 pm

नोएडा में महिला के साथ गालीगलौज करने वाले श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने मेरठ से पकड़ लिया है। मेरठ से श्रीकांत त्यागी समेत कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। त्यागी के खिलाफ ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी की एक महिला के साथ अभद्रता करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। श्रीकांत त्यागी शनिवार से फरार था और यूपी पुलिस ने घटना के 3 दिन बाद उसे गिरफ्तार किया है. यूपी पुलिस ने उसपर 25,000 रुपये का इनाम भी रखा था।

जानकारी के अनुसार श्रीकांत त्यागी मेरठ के श्रद्धापुरी कॉलोनी में अपने करीबी के घर पहुंचा था. देहरादून से हरिद्वार ,हरिद्वार से ऋषिकेश होते हुए कल रात सहारनपुर पहुंचा था. वहीं आज सुबह तड़के मेरठ आया था. वो अपनी पत्नी और वकील के संपर्क में था.

एसटीएफ की टीम ने श्रीकांत त्यागी को मेरठ में उसके करीबी के घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर ने श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता, गाली गलौज और धक्कामुक्की करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ ने मेरठ से श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार किया है। श्रीकांत त्यागी और उनके तीन साथियों को पकड़ा गया है।

बताया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी भंगेल से खुद गाड़ी चलाकर मेरठ गया था। वह अपने करीबी के घर में छिपा था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। पुलिस कमिश्नर आलोक पांडेय ने श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि श्रीकांत त्यागी को मेरठ से नोएडा लाया जा रहा है।

आपको बता दें कि ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में रहने वाले श्रीकांत त्यागी का शुक्रवार को कुछ पौधे लगाने को लेकर महिलाओं से विवाद हो गया था। महिलाओं ने श्रीकांत त्यागी पर पौधे लगाकर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। श्रीकांत ने एक महिला से अभद्रता करते हुए गालियां देकर धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी नेता के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोसाइटी की महिलाओं का आरोप है कि श्रीकांत ने सत्ता की हनक दिखाते हुए पौधे लगाकर एक स्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब महिलाओं ने उन्हें रोका तो उन्होंने एक महिला से अभद्रता की और जमकर गालियां दीं। पति के बीचबचाव करने पर उन्हें भी धमकी दी गई। इसके बाद सोसाइटी की अन्य महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसके बावजूद आरोपी ने महिला को धमकाते हुए कहा, ‘तुम पौधे टच करोगी तो मैं तुम्हें टच करूंगा।’ इसके बाद महिलाओं की नाराजगी और बढ़ गई।

वहीं, सोसाइटी के लोगों ने सभी पौधों को उखाड़ दिया। करीब चार घंटे तक सोसाइटी में विवाद चलता रहा। वहीं, घटना का वीडियो कुछ ही देर में वायरल हो गया। इसके बाद शहर के लोगों ने आरोपी के खिलाफ भड़ास निकालनी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की टिप्पणियों से नाराजगी जताई।

Latest News

World News