Trending News

बीजेपी में शामिल होंगे मेट्रो मैन ई श्रीधरन, 21 फरवरी को लेंगे सदस्यता

[Edited By: Punit tiwari]

Thursday, 18th February , 2021 01:46 pm

नई दिल्ली-मेट्रो मैन के नाम से मशहूर ई श्रीधरन भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं। ई श्रीधरन 21 फरवरी को भारतीय जनता पार्टी की विजय यात्रा के दौरान पार्टी की सदस्यता लेंगे। बता दें कि केरल बीजेपी चीफ के सुरेंद्रन के नेतृत्व में भाजपा 21 फरवरी से विजय यात्रा निकाल रही है।

श्रीधरन ने एक अखबार से बात करते हुए कहा कि यह निर्णय अचानक नहीं लिया है। मैं पिछले एक दशक से केरल में हूं और राज्य के लिए कुछ करना चाहता हूं। मैं अकेले कुछ नहीं कर सकता। इसलिए मैंने पार्टी में शामिल होने का फैसला किया।  मैं राज्य में भाजपा केंद्रित गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करूंगा।'

बीजेपी ने गुरुवार को कहा कि 'मेट्रो मैन' ई श्रीधरन केरल विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में शामिल होंगे। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने बताया कि श्रीधरन 21 फरवरी को कासरगोड़ से पार्टी की 'विजय यात्रा' शुरू होने के दौरान भाजपा में शामिल होंगे। सुरेंद्रन ने संवाददाताओं को बताया कि श्रीधरन ने भाजपा के साथ काम करने की इच्छा जाहिर की थी।

कौन हैं ई श्रीधरन और क्यों कहा जाता है मेट्रोमैन
ई श्रीधरन का जन्म 12 जून को केरल के पलक्कड़ में हुआ। उनके परिवार का संबंध पलक्कड़ के करुकपुथुर से है। ई श्रीधरन की प्रारंभिक शिक्षा पलक्कड़ के बेसल इवैंजेलिकल मिशन हॉयर सेकेंडरी स्कूल से हुई। इसके बाद इन्होंने पालघाट के विक्टोरिया कॉलेज से पढ़ाई की है। ई श्रीधरन ने सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री आंध्र प्रदेश के काकीनाडा स्थित सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज से प्राप्त की।

कई जगह दी अपनी सेवाएं
दिल्ली मेट्रो, कोच्चि मेट्रो, लखनऊ मेट्रो को ई श्रीधरन ने अपनी सेवाएं दी हैं। लखनऊ मेट्रो रेल के वे मुख्य सलाहकार थे। साल 2019 में उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था। श्रीधरन को फरवरी, 2024 तक के लिए लखनऊ मेट्रो का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया था। उन्होंने जयपुर मेट्रो को भी अपनी बहुमूल्य सलाह दी और देश में बनने वाली दूसरी मेट्रो रेल परियोजनाओं के साथ भी वे जुड़े हुए हैं।

ई श्रीधरन मेट्रो मैन के नाम से मशहूर हैं और उनको कोलकाता मेट्रो से लेकर दिल्ली मेट्रो तक में अहम योगदान के लिए जाना जाता है। भारत में मेट्रो सेवा की शुरुआत करने में अहम भूमिका निभाने की वजह से ई. श्रीधरन को मेट्रो मैन कहा जाता है। ई श्रीधरन को विकास कार्यों में इनके योगदान के लिए साल 2001 में उन्हें पद्मश्री और 2008 में पद्म विभूषण अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा फ्रांस सरकार ने साल 2005 में इन्हें 'Chavalier de la Legion d’honneur' अवॉर्ड से सम्मानित किया था।

Latest News

World News