[Edited By: Punit tiwari]
Wednesday, 3rd February , 2021 10:55 amनई दिल्ली-कश्मीर अब धीरे-धीरे काफी बदल रहा है। अब नई परिभाषा गढ़ रहा है। कश्मीर ने देश को सबसे कम उम्र की महिला पायलट दिया है, जिसका नाम है-आयशा अजीज। जम्मू-कश्मीर की रहने वाली आयशा अजीज हाल ही में देश की सबसे कम उम्र की महिला पायलट बनी हैं। उनकी उम्र महज 25 साल है और आज वह कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हैं और खासकर कश्मीरी महिलाओं के लिए सशक्तिकरण का प्रतीक।
View this post on Instagram
आयशा ने साल 2011 में महज 16 साल की उम्र में ही स्टूडेंट पायलट लाइसेंस हासिल कर लिया था. फिर बाद में वो सबसे कम उम्र की स्टूडेंट पायलट बन गईं। उसके अगले साल रूस के सोकोल एयरबेस में मिग-29 जेट उड़ाने के लिए उन्होंने ट्रेनिंग ली। इसके बाद आयशा ने बॉम्बे फ्लाइंग क्लब से विमानन में स्नातक किया और 2017 में एक कमर्शियल पायलट का लाइसेंस प्राप्त किय। आयशा ने बताया, "मुझे हवाई यात्रा करना और लोगों से मिलना अच्छा लगता है। इस वजह से मैंने पायलट बनने का निर्णय लिया। पायलट बनने के लिए आपका मानसिक रूप से मजबूत होना बहुत जरूरी है।"
आयशा को अपने सपने को पूरा करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। ट्रेनिंग के दिनों में आयशा पूरे सप्ताह स्कूल जाती थी और वीकेंड पर विमान उड़ाने की ट्रेनिंग लिया करती थी। आयशा को सिंगल इंजन का सेसना 152 और 172 एयरक्राफ्ट उड़ाने का अनुभव है। उन्हें अपनी 200 घंटे की उड़ान पूरा होने के बाद कॉमर्शियल पायलट का लाइसेंस दिया गया है। आयशा, सुनीता विलियम्स को अपना आदर्श मानती हैं। और अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देती हैं। वर्तमान समय में भारत में महिलाएं भी अब पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। ऐसे कई मौकों पर महिलाओं ने खुद को साबित किया है, इसका जीता जागता उदाहरण आयशा अजीज है।