[Edited By: Punit tiwari]
Friday, 29th January , 2021 05:48 pmचंडीगढ़-किसान आंदोलन के मद्देनजर हरियाणा की बीजेपी सरकार ने प्रदेश के 14 जिलों में इंटरनेट सेवाओं पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। हरियाणा के जिन जिलों में यह रोक लगाई गई है, उनमें अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, रेवाड़ी और सिरसा शामिल हैं। इन जिलों में वॉयस कॉल को छोड़कर इंटरनेट और एसएमएस जैसी सभी सेवाएं 30 जनवरी, 2021 शाम 5 बजे तक के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है।
राज्य के तीन जिलों सोनीपत, पलवल और झज्जर में 26 जनवरी की शाम से ही इंटरनेट सेवाएं बंद हैं। इन जिलों में पहले 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद की गई और बाद में इनको बढ़ाया जाता रहा। माना जा रहा है कि राज्य में किसानों के कई जगह फिर से प्रदर्शन करने और सोनीपत व बहादुरगढ़ में स्थानीय लोगों व आंदोलनकारी किसानों के बीच टकराव के बाद इंटरनेट सेवा बंद करने का फैसला किया गया है।