Trending News

बर्फ की सफेद चादर से ढकी कश्मीर घाटी, जनजीवन हुआ प्रभावित

[Edited By: Punit tiwari]

Tuesday, 5th January , 2021 12:19 pm

श्रीनगर: सर्दियों में बर्फ से ढकी कश्मीर की वादियां देखने में अद्भुत नजर आ रही हैं। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, गुलमर्ग समेत कई इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछी है। कश्मीर घाटी में जमकर बर्फबारी हुई। जिसके बाद यहां हर तरफ का नजारा खूबसूरत हो गया है। हालांकि बर्फबारी की वजह से श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

सर्दी के मौसम में कश्मीर घाटी सैलानियों की सबसे पहली पसंद है। पर्यटक दूर-दूर से कश्मीर की वादियों में बर्फबारी का मजा उठाने पहुंचते हैं। श्रीनगर समेत कश्मीर के कई इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है।यहां की सड़कों और घरों पर हर तरफ बर्फ ही नजर आ रही है। बर्फबारी के कारण मार्केट में भी सन्नाटा है। वहीं न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। श्रीनगर में सोमवार को तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यहां सर्दी का सितम जारी है। सोमवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान -0.9 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में -5 डिग्री सेल्सियस और कारगिल में -14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। भीषण ठंड से यहां कोहराम मचा हुआ है।

श्रीनगर में बर्फबारी की वजह से पेड़ हरे रंग की जगह सफेद दिखाई पड़ रहे हैं। दरअसल बर्फ यहां के पेड़ों की पत्तियों पर जमी हुई है। हालांकि देखने में ये बड़े खूबसूरत लगते हैं। बर्फबारी के बाद कश्मीर की वादियां बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं। यहां जहां तक नजर जाती है वहां बर्फ ही बर्फ दिखाई पड़ती है। इस वजह से यहां का नजारा अद्भुत दिखाई पड़ता है।बता दें कि कश्मीर घाटी इस वक्त 'चिल्लै-कलां' की चपेट में है। ये 40 दिन का ऐसा मौसम होता है जब कश्मीर घाटी में सबसे ज्यादा सर्दी होती है। चिल्लै-कलां कश्मीर में 21 दिसंबर को शुरू हुआ था और 31 जनवरी को खत्म हो जाएगा।

Latest News

World News