Trending News

रामलला के खाते से पैसे उड़ाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड अब भी फरार

[Edited By: Punit tiwari]

Wednesday, 30th December , 2020 03:15 pm

अयोध्या में रामलला के खाते से उड़ाए गए 6 लाख रुपये के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अयोध्या पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इसका मास्टरमाइंड अभी फरार है। रामलला के खाते से फ्रॉड करने वाला मास्टरमाइंड वाराणसी का रहने वाला है, जबकि वर्तमान में वह मुंबई में रह रहा था।

बता दें राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाते से 9 सितंबर 2020 को 6 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए गए थे। इस संबंध में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अयोध्या कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अयोध्या के डीआईजी/एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि जिस खाते में रामलला का पैसा ट्रांसफर हुआ था, उस खाते को सीज करवा दिया गया है और मामले के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। डीआईजी एसएसपी दीपक ने बताया कि ट्रस्ट के खाते में 9 लाख 86 हज़ार रुपये जमा थे, जिसमें 6 लाख रुपये की लिमिट लगाई गई थी। आरोपियों ने इसे 2 लाख 50 हज़ार एक बार व दूसरी बार 3 लाख 50 हज़ार ट्रस्ट के खाते से पैसा ट्रांसफर करवाया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत महाबल शेट्टी फोर्ट मुंबई, विमल लल्ला ठाणे, शंकर सीता राम मुंबई व संजय तेजराज, मुंबई का रहने वाला है। मास्टरमाइंड अभी फरार है, उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

दीपक कुमार ने बताया कि चारों की गिरफ्तारी अयोध्या के ही राम की पैड़ी पर की गई। चारों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जिसके बाद उन्होंने अपना जुर्म कुबूल किया और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने पेश किया गया। डीआईजी दीपक कुमार ने कहा कि चेक की क्लोनिंग का मामला है, इसकी जांच की जा रही है। बैंक के अधिकारी या कर्मचारी इस मामले में शामिल हैं या नहीं इससे इनकार भी नहीं किया जा सकता है। सभी पुलिस के रडार पर हैं। जनपद के एसपी इस मामले की जांच कर रहे हैं।

Latest News

World News