Trending News

बिहार: बाहुबली विधायक के जानी दुश्मन के हाथ में AK-47, वीडियो वायरल होता देख बोला-''खिलौना है''

[Edited By: Admin]

Friday, 30th August , 2019 12:29 pm

बिहार के मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह को दो दिन के लिए पुलिस रिमांड में भेजा गया है। अब उनसे जुड़ी  एक और बड़ी खबर सामने आई है। उनके दुश्‍मन नंबर वन विवेका पहलवान के भतीजे का दो एके 47 राइफलों को लहराते एक वीडियो वायरल हो गया है। यह वीडियो कब का और कहां का है, फिलहाल निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता, लेकिन इसके सामने आने के बाद हड़कम्‍प मच गया है। साथ ही कई सवाल खड़े हो गए हैं। इस बीच पुलिस ने एके 47 की बरामदगी के लिए विवेका पहलवान के आवास पर छापेमारी शुरू कर दी है।

खास बात यह है कि अनंत सिंह पहले से यह दावा करते रहे हैं कि विवेका पहलवान के माध्‍यम से पुलिस ने उनके घर में एके 47 रखवा दी थी। अनंत सिंह के समर्थक इस वीडियो को उससे जोड़कर देख रहे हैं। उधर, वीडियो में दिख रहे एक युवक तथा विवेका पहलवान ने भी अपनी सफाई देते हुए एके 47 को खिलौना बताया है।

एके 47 लहराते युवक का वीडिया वायरल
सोशल मीडिया पर एके-47 के साथ एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा है। अनंत सिंह के समर्थकों के अनुसार इसमें नजर आ रहे युवकों के साथ विवेका पहलवान का भतीजा कर्मवीर यादव भी दिख रहा है। वीडियो में उसके साथ कुछ और लोग भी नजर आ रहे हैं। वे कह रहे हैं कि विधायक को फंसा दिया। हालांकि, वे किसी विधायक का नाम नहीं ले रहे। वीडियों में ये लोग दो एके-47 बाहर रखने की बात करते दिख रहे हैं।

अनंत  के समर्थक का दावा: हाल का है वीडियो
अनंत सिंह के समर्थक वीडियो के बैकग्राउंड का हवाला देते हुए इस डेढ़ महीने के अंदर का बता रहे हैं। इसके पक्ष में उनका तर्क है कि वीडियो में दीवार पर हाल ही में दिवंगत हुए एक व्‍यक्ति की तस्‍वीर टंगी है, जिस पर माला पड़ी है। ऐसा उस व्‍यक्ति की तस्‍वीर के साथ किया जाता है, जिसकी मौत हो चुकी हो। हालांकि, यह वीडियो कब का है और कितना सच है, इसका पता तो जांच के बाद ही चल सकेगा।

वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
मालूम हो कि विवेका पहलवान और अनंत सिंह के घर नदवां गांव में आसपास ही हैं। अपने पैतृक घर से एके 47 बरामद होने के बाद फरारी के दौरान अनंत सिंह ने वीडियो जारी कर कहा था कि विवेका पहलवान तथा जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कुछ नेताओं ने पुलिस के साथ मिकलर साजिश के तहत घर में एके 47 रखकर उन्‍हें फंसाया है। अपने वीडियो में अनंत सिंह ने कहा था, जिस घर में एके 47 बरामद दिखाया गया, वहां वे सालों से नहीं गए हैं। ऐसे में अब एके 47 लहराते युवक का नया वी‍डियो वायरल होने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं।

आरोपित युवक ने भी वीडियो जारी कर दी सफाई 
इस बीच वीडियो में दिख रहे एक युवक चंदन ने भी शुक्रवार को नया वीडियो जारी कर सफई दी है। उसने कहा है कि वह बीते लोकसभा चुनाव में ललन सिंह के लिए काम कर रहा था। उसने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे एके 47 प्‍लास्टिक के खिलौने हैं। वे भला एके 47 के साथ वीडियो क्‍यों बनवाएंगे?

विवेका पहलवान ने कहा

इस मामले में पहलवान ने भी अपनी सफाई में कहा है कि इसमें दिख रही एके-47 वास्तविक नहीं हैं, बल्कि ये प्लास्टिक के खिलौने हैं।

एके 47 की बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू

बहरहाल, वायरल वीडियो से बिहार में हड़कम्‍प मचा हुआ है। पुलिस ने वीडियो में दिख रहे एके 47 की बरामदगी के लिए विवेका पहलवान के ठिकानों पर छापमारी शुरू कर दी है। पटना के ग्रामीण एसपी कांतेश मिश्र ने बताया कि इस मामले की जांच कर एफआइआर दर्ज की जाएगी। बाढ़ की एसएसपी लिपि सिंह ने बाढ़ के थानाध्‍यक्ष को जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।

Image result for बाहुबली विधायक अनंत सिंह

दो दिन के लिए पुलिस रिमांड में

बिहार के मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह को दो दिन के लिए पुलिस रिमांड में भेजा गया है। बाढ़ व्यवहार न्यायाल ने फैसला सुनाते हुए बाहुबली अनंत सिंह को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है।

अनंत सिंह पर यूएपीए एक्ट की धारा-13, विस्फोटक अधिनियम और आईपीसी की धारा 414, 120 बी के तहत बाढ़ थाने में केस दर्ज किया गया है।

 16 अगस्त को अनंत सिंह के आवास पर पड़े छापे में एक एके-47 रायफल, दो ग्रेनेड और गोलियां बरामद की गई थीं। इसके बाद 17 अगस्त को अनंत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस उनके घर गई, लेकिन अनंत सिंह फरार हो गए थे।

Image result for बाहुबली विधायक अनंत सिंह

छह दिन फरार रहने के दौरान अनंत ने तीन वीडियो भी जारी किए थे, जिनमें उन्होंने कोर्ट में सरेंडर करने की बात कही थी। 23 अगस्त को अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। जिसके बाद अनंत सिंह को तिहाड़ जेल भेज दिया गया था। इसके बाद बिहार पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची। बिहार पुलिस की टीम 25 अगस्त को अनंत सिंह को दिल्ली से पटना वापस लाई। 25 अगस्त को बाढ़ की अदालत ने मोकामा के विधायक को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं, अभी वो बेउर जेल में बंद हैं। गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2015 में भी अनंत एक मामले में बेऊर जेल में बंद रहे थे।

Latest News

World News