Trending News

हिंसा मामले में राकेश टिकैत, योगेंद्र यादव समेत 6 किसान नेताओं के खिलाफ FIR

[Edited By: Punit tiwari]

Wednesday, 27th January , 2021 03:42 pm

नई दिल्ली-दिल्ली पुलिस ने ट्रैक्टर रैली में हिंसा के मामले में कई किसान नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मुकदमे में भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत का भी नाम है। किसान नेता राकेश टिकैत के खिलाफ एफआईआर हुई है। राकेश टिकैत के साथ ही किसान नेता दर्शन पाल, राजिंदर सिंह, बलबीर सिंह राजेवल, बूटा सिंह बुर्जगिल, जोगिंदर सिंह उगराहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। ये सभी किसान नेता कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन की अगुवाई कर रहे हैं।

ये एफआईआर दिल्ली पुलिस ने दर्ज की है। दिल्ली पुलिस के अनुसार राकेश टिकैत सहित 6 किसान नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं नांगलोई थाने में जो FIR दर्ज है उसमें न सिर्फ डकैती की धारा लगाई गई है बल्कि उन 40 किसान नेताओं के नाम भी FIR में शामिल हैं जो सरकार के साथ वार्ता के लिए विज्ञान भवन जाते थे। इसी FIR में योगेंद्र यादव का भी नाम है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने 50 से ज्यादा लोगों को इस मामले में गिरफ्तार भी कर लिया है। नांगलोई पुलिस ने FIR में डकैती की धारा इसलिए जोड़ी है क्योंकि कुछ उपद्रवी नांगलोई में पुलिस से आंसू गैस के करीब 150 गोले भी छीन ले गए थे। इसके अलावा भी अलग अलग FIR में कई किसान नेताओं के नाम हैं।

वहीं, इस मामले को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने बयान जारी किया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि किसानों, मजदूरों के खिलाफ ये बड़ी साजिश है। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि हमारा आंदोलन शांतिपूर्वक चल रहा था। जिन लोगों ने हिंसा की है, वो हमारे साथ के लोग नहीं हैं। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड़ में हुई हिंसा मामले में 200 लोगों को हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि जल्‍द ही और भी लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Latest News

World News