Trending News

देश में कोरोना वायरस के मामले 10 लाख के पार

[Edited By: Rajendra]

Friday, 17th July , 2020 02:37 pm

देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को 10 लाख का आंकड़ा पार कर गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे में देश में 34,956 नए मामले सामने आए हैं। यह अब तक का एक दिन का सबसे बड़ा उछाल है। वहीं मृतकों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। बीते 24 घंटों 687 मौतें हुई हैं। इस तरह से देश में अब कोरोना वायरस पीड़ितों की संख्या 10,03,832 पहुंच गई है। मंत्रालय के अनुसार देश में इस समय सक्रिय मामले 3,42,473 हैं।
संक्रमितों के ठीक होने की संख्या में भी इजाफा हो रहा

हालांकि कोरोना वायरस के संक्रमितों के ठीक होने की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। अब तक करीब 6,35,757 पीड़ित ठीक हो चुके है। कोरोना वायरस की वजह से देश में अब तक 25,602 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक महाराष्ट्र संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। यहां कोविड-19 से 2,84,281 लोग संक्रमित हो चुके हैं और अब तक 11,194 लोगों की माैत हो चुकी है। तमिलनाडु में 1,56,369 लोग और राजधानी दिल्ली में 1,18,645 लोग इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।

स्थ्य मंत्रालय के मुताबिक केंद्र, राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेश मिलकर कोरोना जांच की गति को रफ्तार देने में जुटे हैं, ताकि संक्रमितों की त्वरित पहचान करके उनका उपचार शुरु किया जा सके। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस से होने वाली मौतों की संख्या भी भारत में विश्व की तुलना में काफी कम है और वैश्विक औसत 73 मौतें प्रति 10 लाख की तुलना में भारत का आंकड़ा मात्र 17.2 व्यक्ति है। ब्रिटेन में यह आंकड़ा 660, स्पेन में 607, अमेरिका में 406, ब्राजील में 336 और मैक्सिको में 269 व्यक्ति प्रति 10 लाख है।

वहीं विश्व में प्रति 10 लाख की आबादी में कोरोना संक्रमितों का औसत 1638 व्यक्ति हैं जबकि भारत में यह 637 है और आंकड़ों के लिहाज से रूस और अमेरिका में भारत की तुलना में क्रमशः सात तथा 14 गुणा अधिक मामले सामने आ रहे हैं। रूस में 5028 प्रति 10 लाख और अमेरिका में 9746 मामले प्रति 10 लाख मामले सामने आ रहे हैं। ब्राजील और स्पेन में यह संख्या 8656 और 5421 प्रति 10 लाख है। 

Latest News

World News