[Edited By: Punit tiwari]
Saturday, 23rd January , 2021 12:15 pmलखनऊ-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नोएडा में 101 करोड़ रुपये की लागत से बने नवनिर्मित बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम का लोकार्पण किया और 65वीं नेशनल फ्री-स्टाइल सीनियर कुश्ती चैम्पियनशिप का उद्घाटन किया।
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि आज नोएडा और ग्रेटर नोएडा में विशेष अवसर प्राप्त हो रहा है। देश में विकास की विभिन्न प्रकार की योजनाएं जिस तेज़ी के साथ आगे बढ़ रही है वह प्रदेश के विभिन्न जनपदों, महानगरों के साथ ही देश के अलग-अलग क्षेत्रों के नागरिकों के लिए विकास का एक मानक तैयार कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार भी खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। हमने मेरठ में एक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाने का संकल्प भी लिया है। प्रदेश में हमको खिलाड़ियों से बड़ी शिकयत मिलती थी कि यहां पर खेल की सुविधाएं अपेक्षित संख्या में नहीं है। प्रदेश में अत्याधुनिक सुविधाओं वाला इनडोर स्टेडियम नहीं है। अब प्रदेश के खिलाडिय़ों की शिकायत दूर हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से इसी स्टेडियम में राष्ट्रीय कुश्ती की बड़ी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। जिसमें शानदार प्रदर्शन करने वाले पहलवान शीघ्र ही अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भाग लेने जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा का यह स्टेडियम खेल गतिविधियों को एक नया मंच प्रदान करेगा। इंडोर स्टेडियम 8,040 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनकर तैयार हुआ है। यहां 4,000 से अधिक दर्शक के बैठने की व्यवस्था की गई है। यहां बैडमिंटन, टेबल-टेनिस, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, जिमनास्टिक, जूडो, रेसलिंग और अन्य तमाम प्रकार की खेल गतिविधियां एक साथ संचालित की जा सकती हैं।