[Edited By: Vijay]
Friday, 8th October , 2021 01:22 pmदो दिन के दौरे पर गुरुवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में मां भगवती के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह चार से छह बजे के बीच करीब दो घंटे तक चली पूजा में मुख्यमंत्री ने गौरी-गणेश की आराधना के साथ सभी देव-विग्रहों का षोडषोचार भी पूजन किया।
आचार्य रामानुज त्रिपाठी वैदिक ने कराई पूजा
शारदीय नवरा़त्र के दूसरे दिन का अनुष्ठान मंदिर के प्रधान पुरोहित आचार्य रामानुज त्रिपाठी वैदिक के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। उनके सहयोग में गुुरु गोरक्षनाथ संस्कृत महावि़द्यालय के प्राचार्य डा. अरविंद चतुर्वेदी, आचार्य डा. रोहित मिश्र, डा. दिग्विजय शुक्ल, नित्यानंद चौबे आदि वेदपाठी ब्राह्मण मौजूद रहे। पूजा के बाद गलतियों की क्षमाप्रार्थना के साथ आरती हुई। प्रसाद वितरण के बाद सुबह का अनुष्ठान सम्पन्न हुआ।
पूजा के दौरान मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, द्वारिका तिवारी, दुर्गेश बजाज आदि भी मौजूद रहे। समस्त अनुष्ठान कोविड प्रोटोकाल के साथ सम्पन्न हुआ। उधर नवरात्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं और कोविड प्रोटोकाल के साथ नवरात्र का पर्व मनाने की अपील की।
आप सभी प्रदेशवासियों व श्रद्धालुओं को शारदीय नवरात्रि के द्वितीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 7, 2021
माँ ब्रह्मचारिणी से प्रार्थना है कि वह हम सभी को त्याग, संयम व सदाचार के मार्ग पर चलने की शक्ति प्रदान करें, जिससे हम सभी अपने कार्यों में सफल हों।
जय देवी माँ! pic.twitter.com/G57At2ABT7
अधिकारियों ने सुनीं जनता की समस्याएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर आगमन की सूचना पर उनसे अपनी समस्या कहने के लिए हमेशा की तरह बड़ी संख्या में लोग शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम और यात्री निवास पहुंचे। नवरात्र की पूजा की वजह से मुख्यमंत्री खुद तो जनता दर्शन के लिए नहीं जा सके लेकिन उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए पहले से निर्देशित कर रखा था। ऐसे में तय समय पर कमिश्नर, डीएम, एसएसएस सहित जिले के करीब सभी आला अफसर जनता दर्शन में पहुंचे और सभी लोगों की समस्याएं सुनीं और आवदेन पत्र लेकर समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने दोनों स्थानों को मिलाकर 300 लोगों की समस्या सुनी।