Trending News

बसपा प्रमुख मायावती के पिता प्रभुदयाल नहीं रहे, 95 वर्ष की उम्र में निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस

[Edited By: Rajendra]

Thursday, 19th November , 2020 06:57 pm

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती को बड़ा झटका लगा है। मायावती के पिता प्रभुदयाल का निधन हो गया है। वह 95 साल के थे। वह अपने परिवार के साथ दिल्ली के रकाबगंज इलाके में रहते थे।

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के पिता प्रभु दयाल का 95 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में होगा। बसपा के समस्त कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों की ओर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोक संतृप्त परिवार को इस क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें।

जानकारी के अनुसार, मायावती मूलरूप से गौतमबुद्ध नगर जिले के बादलपुर गांव की निवासी हैं। मायावती के पिता सरकारी नौकरी में थे, इसलिए बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के लिए दिल्ली में शिफ्ट हो गए थे। मायावती और उनके भाई-बहनों ने दिल्ली में रहकर ही पढ़ाई-लिखाई की थी।

मायावती के पिता प्रभु दयाल उन्हें आईएएस अधिकारी बनाना चाहते थे, लेकिन बसपा संस्थापक कांशीराम के संपर्क में आने के बाद मायावती ने राजनीति की राह चलकर मुख्यमंत्री पद तक पहुंच गई थीं। दलित समुदाय से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रभु दयाल एक दूरदर्शी सोच वाले व्यक्ति थे। वह शिक्षा और समाज सेवा को लेकर सदैव लोगों को प्रेरित करते रहते थे।

Latest News

World News