Trending News

याकूब के कब्र पर जारी विवाद पर भाजपा व कांग्रेस आमने सामने

[Edited By: Rajendra]

Thursday, 8th September , 2022 04:15 pm

1993 मुंबई बम धमाकों के दोषी याकूब मेमन की कब्र को लेकर महाराष्ट्र में सियासी संग्राम छिड़ गया है। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की पिछली उद्धव ठाकरे सरकार पर कब्र को मजार में बदलने और सौंदर्यीकरण के आरोप लगाए है। साथ ही पार्टी ने महाविकास अघाड़ी गठबंधन में शामिल रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस से भी माफी की मांग की है।

भाजपा नेता राम कदम ने ट्वीट किया, 'उधव ठाकरे मुख्यमंत्री थे। उस काल में मुंबई में पाकिस्तान के इशारे पर 1993 में बंब कांड करने वाला खूंखार आतंनवादी याकूब मेमन की कबर मझार में तब्दील हो गई। यही है इनका मुंबई से प्यार, यही इनकी देश भक्ती? उधव ठाकरे समेत शरद पवार तथा राहुल गांधी माफी मांगे मुंबई की जनता की।'

उन्होंने इस मामले में कड़ी कार्रवाई के भी संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा, 'बदली हुई सरकार में आतंकवादी की जगह जो होनी चाहिए वही जगह दिखाई जाएगी।' मेमन को 30 जुलाई 2015 को नागपुर सेंट्रल जेल में फांसी दे दी गई थी। उसके भाई टाइगर मेमन भी सिलसिलेवार धमाकों में मुख्य आरोपी है।

मेमन को मुंबई के बड़ा कब्रस्तान में दफनाया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जामा मस्जिद के चेयरमैन ने इस बात को स्वीकारा है कि कब्र को सजाया गया था, लेकिन यह भी बताया गया कि ऐसा करने के लिए याकूब की कब्र के लिए कोई अलग से इजाजत नहीं दी गई थी।

याकूब के कब्र पर जारी विवाद के बीच कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि फांसी देने के बाद आतंकियों के शव को उसके परिवार को नहीं दिया जाता है। 2015 में भाजपा सरकार ने याकूब के शव को उसके परिवार को सौंप दिया। भाजपा इस पर अब पॉलिटिक्स कर रही है।

आमतौर पर किसी कब्र की खुदाई 18 महीने बाद कर दी जाती है, लेकिन याकूब की कब्र की खुदाई 5 साल बाद भी नहीं हुई। याकूब की कब्र को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। याकूब के चचेरे भाई मोहम्मद अब्दुल रऊफ मेमन ने 2020 में एलटी मार्ग पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। रऊफ ने आरोप लगाया गया था कि ट्रस्टियों ने कब्रिस्तान के याकूब मेमन की कब्रगाह को 5 लाख रुपये में बेचा।

1993 मुंबई बम ब्लास्ट का दोषी याकूब चार्टर्ड अकाउंटेंट था। वह धमाकों की साजिश में शामिल था। सीबीआई चार्जशीट के मुताबिक याकूब दाउद इब्राहिम और टाइगर मेमन के आतंकी संगठन के फाइनेंस का काम देखता था। सीबीआई ने 1994 में याकूब को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। 2013 में सुप्रीम कोर्ट ने उसे दोषी ठहराया और फांसी की सजा सुनाई, जिसके बाद 2015 में नागपुर जेल में याकूब को फांसी दी गई। मुंबई में 12 मार्च 1993 को भीड़ भरी 12 जगहों पर हुए ब्लास्ट में 257 लोग मारे गए और 700 से अधिक घायल हो गए थे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की 28 मंजिला इमारत की बेसमैंट में भी ब्लास्ट हुआ था। इसमें 50 लोग मारे गए थे।

Latest News

World News