Trending News

मनी लॉन्ड्रिंग केस में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन का जेल से एक और नया वीडियो

[Edited By: Rajendra]

Saturday, 26th November , 2022 12:34 pm

मनी लॉन्ड्रिंग केस में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन का जेल से एक और नया वीडियो सामने आया है। इसमें वह तिहाड़ जेल के सुपरिंटेंडेंट अजीत कुमार के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सत्येंद्र जैन की जेल के अंदर की एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। इस वीडियो में वह अपनी सेल के अंदर कुछ लोगों से मुलाकात और बातचीत करते दिख रहे हैं। इस वीडियो में तिहाड़ जेल के सुपरिटेंडेंट अजीत कुमार को भी सत्येंद्र जैन के साथ बातचीत करते देखा जा सकता है। उन्हें इस महीने की शुरुआत में सस्पेंड कर दिया गया था।

शेयर किया गया वीडियो 12 सिंतबर, 2022 का है। इसमें दिख रहा है कि जैन तीन लोगों के साथ बैठें हैं। कुछ देर बाद तीनों उठकर चले जाते हैं और जेल सुपरिंटेंडेंट अजीत कुमार वहां आते हैं और कुर्सी पर बैठ जाते हैं। इस दौरान जैन बेड पर लेटे रहते हैं। दोनों के बीच किसी बात को लेकर चर्चा हो रही है। सत्येंद्र जैन का यह नया वीडियो दिल्ली भाजपा के नेता हरीश खुराना ने अपने ट्विटर पर जारी है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा है, लो जी नया वीडिओ ईमानदार मंत्री जैन का। जेल मंत्री के दरबार में रात 8 बजे जेल सुपरिटेंडेंट की हाजिरी।

सत्येंद्र जैन को वीवीआईपी ट्रीटमेंट देने के आरोप में तिहाड़ जेल के बैरक नंबर 7 के सुपरिन्टेंडेंट अजीत कुमार को 14 नवंबर को सस्पेंड कर दिया गया था। इससे 10 दिन पहले यानी 4 नवंबर को तिहाड़ के डीजी संदीप गोयल को हटाकर उनकी जगह संजय बेनीवाल को लाया गया था। उन पर तिहाड़ में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने 10 करोड़ रुपए वसूलने का आरोप लगाया था। इनके साथ कुछ और कर्मचारियों को भी हटाया गया था।

भाजपा ने 19 से 23 नवंबर के बीच 5 वीडियो जारी किए:- पहला वीडियो, 13 सितंबर को 36 सेकेंड के वीडियो में सफेद टी-शर्ट पहने एक आदमी मंत्री के पैरों की मसाज कर रहा है। बेड पर लेटे हुए सत्येंद्र जैन कुछ पेपर देख रहे हैं। बिस्तर के पास रखी कुर्सी पर आराम तकिया या मसनद भी दिखाई दे रहा है। उनके बेड पर भी आर्थाेपेडिक पिलो जैसा तकिया नजर आ रहा है। एक तकिये पर रिमोट पड़ा है। कमरे में मिनरल वाटर की बोतलें भी दिख रही हैं। दूसरा वीडियो, 14 सितंबर को यह वीडियो 26 सेकेंड का है। इसमें सत्येंद्र जैन आराम से बिस्तर पर लेटें हुए हैं और एक आदमी उनके पैर दबा रहा है। उनके कमरे में कुर्सी पर न्यूजपेपर या मैगजीन भी दिखाई दे रही है। तीसरा वीडियो, 14 सितंबर को 26 सेकेंड के इस वीडियो में सत्येंद्र जैन कुर्सी पर बैठे हुए हैं और एक व्यक्ति उनके सिर की मसाज कर रहा है। कमरे में एक जोड़ी जूते और एक जोड़ी चप्पलें नजर आ रही हैं। इस वीडियो में भी उनके बिस्तर पर एक रिमोट दिखाई दे रहा है। चौथा वीडियो, 21 सितंबर को तिहाड़ जेल से सत्येंद्र जैन के चौथे वीडियो 21 सिंतबर का है। इसमें चार लोग उनके कमरे में मौजूद दिखाई दे रहे हैं और मंत्री उनसे चर्चा कर रहे हैं। इनमें से एक व्यक्ति मंत्री की मसाज करने वाला है। वह उनके पैरों की मसाज कर रहा है। ऐसे ही एक और वीडियो में जैन की हैंड मराज की जा रही है। पांचवां वीडियो, 13 सितंबर को भाजपा ने बीते 23 नवंबर को जैन का 13 सितंबर का करीब डेढ़ मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसमें बैरक के भीतर सत्येंद्र जैन को खाना परोसा जा रहा है। एक व्यक्ति लगातार उनकी सेवा में जुटा है।

इस पर भाजपा ने कहा- ऐसा लग रहा है, जैसे रिसॉर्ट में छुट्टियां मना रहे हों। केजरीवाल ने यह निश्चित कर दिया है, कि हवालाबाज को जेल में सजा नहीं मजा मिले।

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सत्येंद्र जैन के खाने को लेकर तिहाड़ जेल के कुछ वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है। जहां आप का कहना है कि उन्होंने अन्न नहीं खाया है। वहीं वायरल वीडियो में मंत्री सेल के अंदर खाना खाते हुए दिख रहे हैं। अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि जैन ने पिछले छह महीने से अन्न का दाना नहीं खाया है। केजरीवाल ने कहा, 'सत्येंद्र जैन साहब बहुत ही कट्टर जैन परिवार से आते हैं। वे जैन धर्म के सारे उसूलों का पालन करते हैं। उन्होंने कसम खाई हुई है कि जब तक वे सुबह मंदिर नहीं जाएंगे तब तक खाना नहीं खाएंगे। शाम को सूरज ढलने के बाद वे खाना नहीं खाते हैं। जब से वो जेल गए हैं तब से वह मंदिर नहीं जा सकते, मंदिर नहीं जाते तो वो खाना नहीं खाते हैं। आपको यह जानकर ताज्जुब होगा कि पिछले छह महीने से जब से वो जेल में हैं उन्होंने अन्न ग्रहण नहीं किया। वो थोड़े से फल और सलाद पर जिंदा हैं।

दिल्ली सीएम का कहना है कि सत्येंद्र जैन की धार्मिक मान्यताओं की इज्जत की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, 'अगर उन्होंने कसम खाई हुई है कि जब तक मंदिर नहीं जाऊंगा तब तक नॉर्मल खाना नहीं खाऊंगा तो उनकी धार्मिक मान्यताओं की इज्जत करना जेल अथॉरिटी की जिम्मेदारी है। उनपर बार-बार दबाव डाला जा रहा है कि आप अपना व्रत तोड़ दीजिए। आज भी कोर्ट में जेल अथॉरिटी ने कहा कि हम बार-बार इन्हें नॉर्मल खाना खाने को कह चुके हैं। वो नॉर्मल खाना नहीं खाना चाहते। वो अपने इस व्रत का पालन करना चाहते हैं। आप उन्हें रोजाना मंदिर ले जाओ, अगर ऐसा नहीं कर सकते तो उन्हें वो दे दो। हर व्यक्ति की धर्मिक भावनाओं की इज्जत करना जेल मैनुअल में लिखा है। तो आप क्यों जबरदस्ती उनका व्रत तोड़ना चाहते हैं।

Latest News

World News