[Edited By: Admin]
Monday, 26th August , 2019 06:29 pm''देश नाजुक दौर से गुजर रहा है। किसान खुदकुशी कर रहे हैं। अर्थव्यवस्था चरमराई है। हाल यह है कि बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था हमसे बेहतर हो रही है।'' सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पीएम मोदी पर ये तंज लखनऊ में कसा।
अखिलेश ने कहा कि डॉलर लगातार मजबूत हो रहा है तो भारतीय मुद्रा लगातार कमजोर हो रही है। यूपी में कानून व्यवस्था सवालों के घेरे में है। बलात्कार, हत्या जैसे मामले बढ़ गए। इन्वेस्टर्स समिट के नाम पर उद्योगपति बुलाए गए, लेकिन कोई निवेश जमीन पर नहीं दिख रहा है। सब बेकार साबित हुआ। उन्होंने योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार पर भी सवाल उठाए। कहा कि उत्तर प्रदेश में मंत्रियों के इस्तीफे और विभाग बदलना भ्रष्टाचार की तरफ इशारा कर रहा है।
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि, बांग्लादेश का टका हमारे रुपए से ज्यादा मजबूत हो चुका है। इससे रोजगार का संकट पैदा हो गया। भाजपा मुद्दों से ध्यान हटाने में माहिर है। डर से लोकतंत्र चलाया जा रहा है। लोकतंत्र की परिभाषा ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग में तलाश की जा रही है।