[Edited By: Punit tiwari]
Saturday, 13th February , 2021 01:02 pmलखनऊ-समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक के बयान और समाचार पत्रों में छपी खबरों की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि भाजपा के राज में विकास की बत्ती गुल है और कानून-व्यवस्था में भ्रष्टाचार फुल है।
इधर बिना बिजली लगे ही मीटर आ गये, उधर भाजपा विधायक ही कह रहे हैं कि पुलिसवाले ही अवैध शराब की भट्टी चलवा रहे।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 12, 2021
मतलब भाजपा के राज में विकास की बत्ती गुल है और क़ानून-व्यवस्था में भ्रष्टाचार फ़ुल है। pic.twitter.com/2WqWdqLvKQ
शुक्रवार को बलिया जिले के एक भाजपा विधायक के कथित बयानों पर छपी खबर के साथ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ''इधर बिना बिजली लगे ही मीटर आ गये, उधर भाजपा विधायक ही कह रहे हैं कि पुलिस वाले ही अवैध शराब की भट्टी चलवा रहे।'' यादव ने आगे लिखा, ''मतलब भाजपा के राज में विकास की बत्ती गुल है और कानून-व्यवस्था में भ्रष्टाचार फुल है।''
बलिया जिले के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया था कि पुलिस संरक्षण में बलिया जिले के रेवती क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है और इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अखिलेश ने एक अन्य खबर को भी टैग किया है जिसमें महिलाओं को बिना विद्युतीकरण के ही बिजली के मीटर थमा दिये जाने की खबर छपी है।