Trending News

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर में अडवाइजरी जारी की गई

[Edited By: Rajendra]

Tuesday, 17th January , 2023 02:26 pm

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर में अडवाइजरी जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि राहुल गांधी और अन्य यात्रियों को जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर कारों से ही चलना होगा। इसकी वजह यह बताई गई है कि इन इलाकों में राहुल गांधी एवं अन्य नेताओं की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नेताओं से कहा गया है कि वे जम्मू कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च निकालने की बजाय कार से ही चलें। इससे सुरक्षा को खतरा नहीं होगा। 26 जनवरी के मौके पर पहले से ही जम्मू-कश्मीर और दिल्ली समेत देश भर के अहम शहरों में सुरक्षा कड़ी गई है। ऐसे वक्त में राहुल गांधी की यात्रा जम्मू-कश्मीर में पहुंचेगी, जो सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील है। यही वजह है कि भारत जोड़ो यात्रा को लेकर अडवाइजरी जारी की गई है।

होशियारपुर में पहले दिन राहुल गांधी ने CM भगवंत मान को नसीहत दी। राहुल ने कहा कि वह दिल्ली के दबाव में न आएं। अरविंद केजरीवाल का रिमोट कंट्रोल न बनें। पंजाब के CM भगवंत मान ने जवाब में देर नहीं लगाई। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह को CM की कुर्सी से हटाने और चन्नी को CM बनाने को लेकर राहुल गांधी को जोरदार जवाब दिया है।

भगवंत मान ने कहा- राहुल जी, पंजाब में आप उल्टा-सीधा ना ही बोलें तो अच्छा है। मुझे CM पंजाब की जनता ने बनाया है और चन्नी जी को राहुल गांधी ने। आपने 2 मिनट में चुने हुए CM कैप्टन साहब को दिल्ली से बेइज्जत करके हटा दिया था। यात्रा में पंजाब के अध्यक्ष को धक्के पड़ रहे हैं। आप बोलते अच्छे नहीं लगते।

राहुल गांधी ने नसीहत देते हुए कहा था- हिंदुस्तान के हर प्रदेश का इतिहास होता है। हर प्रदेश की भाषा अपना इतिहास, जीने का तरीका होता है। पंजाब को पंजाब से ही चलाया जाना चाहिए। पंजाब को दिल्ली से नहीं चलाना चाहिए।

पंजाब के CM से कहना चाहता हूं। भगवंत मान से कहना चाहता हूं कि आप पंजाब के CM हो। पंजाब को पंजाब से चलाना चाहिए। दिल्ली और केजरीवाल के दबाव में नहीं आना चाहिए। यह पंजाब की इज्जत की बात है। आपके किसानों मजदूरों की बात सुन कर काम करना चाहिए। किसी का रिमोट कंट्रोल नहीं बनना चाहिए। कांग्रेस की सरकार में पंजाब यहीं से चलता था

यात्रा जालंधर-पठानकोट रोड पर थी। इसी दौरान होशियारपुर में दसूहा के पास एक युवक राहुल गांधी का थ्री-लेयर सुरक्षा घेरा तोड़ने में सफल रहा। युवक सीधा ही राहुल के पास पहुंच गया और उन्हें गले लगा लिया। यह देख पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग आगे बढ़े और युवक को पीछे धकेल दिया। सुरक्षाकर्मी भी यह देख युवक की तरफ लपके। टी-ब्रेक के लिए यात्रा होशियारपुर के ही गांव गांव बस्सी के किसान हट ढाबे पर रुकी थी। सड़क क्रॉस करने के लिए राहुल गांधी आगे बढ़े, उसी समय सिर पर केसरी परना बांधे हुए युवक आगे बढ़ गया और राहुल के करीब पहुंच गया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत इसे भांप लिया। जिसके बाद युवक को हिरासत में ले लिया गया। ये दोनों घटनाएं 35 मिनट के भीतर हुईं। यह स्थिति तब है जबकि पंजाब में राहुल गांधी को सबसे ज्यादा सिक्योरिटी दी गई है। यहां वह थ्री लेयर सुरक्षा में चल रहे हैं।

युवक के गले लगने की घटना पर राहुल बोले- मैं उस व्यक्ति को नहीं देख पाया, जो मेरे गले लगने आया था। मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप इसे सुरक्षा में चूक क्यों कह रहे हैं। इस यात्रा में बहुत ज्यादा जोश देखने को मिल रहा है। ऐसा होता रहता है। सुरक्षा में लगे लोगों ने उस युवक की जांच की थी। वह केवल उत्साहित था।

Latest News

World News