Trending News

खुद 7 भाई-बहन और जनसंख्या नियंत्रण की बात – किसने कटाक्ष किया सीएम योगी पर जानिये

[Edited By: Vijay]

Wednesday, 4th August , 2021 04:11 pm

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सियासी पार्टियां अपने पक्ष में हवा बना रही हैं। इसी कड़ी में प्रयागराज पहुंचे महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सपा विधायक अबू आसिम आजमी ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा, यूपी में यूपी में संविधान नाम की कोई चीज नहीं रह गई है, क्योंकि मुख्यमंत्री सीधे ठोंकने की बात करते हैं। अगर संविधान को नहीं मानना है तो अदालतें बंद कर वहां स्कूल-कॉलेज खोल देने चाहिए। वकीलों को भी दूसरे व्यवसाय में लगा देना चाहिए।

वहीं, योगी सरकार में बाहुबलियों और माफियाओं के खिलाफ की गई कार्यवाही को लेकर अबू आसिम आजमी ने सीएम योगी को ही सबसे बड़ा माफिया बताया है। उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून पर कहा, खुद सीएम 6-7 भाई बहन हैं। ऐसे में जनसंख्या नियंत्रण की बात कैसे कर सकते हैं?

सपा छोटे दलों के साथ करेगी गठबंधन

अबू आसिम ने यमुनापार के नैनी इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में अबू आसिम आजमी ने कहा, कहा, प्रदेश की योगी सरकार कानून-व्यवस्था सहित सभी मोर्चों पर विफल है। समाजवादी पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव में छोटे-छोटे दलों के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ेगी और जीत भी दर्ज करेगी। दावा किया कि 2022 विधानसभा चुनाव में 350 से ज्यादा सीटें जीतकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सरकार बनाएंगे।

आजम खान के सवाल पर कहा कि योगी सरकार जानबूझकर उनकी जमानत नहीं होने दे रही है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही वे जेल से रिहा होंगे और समाजवादी पार्टी के पक्ष में चुनाव-प्रचार भी करेंगे।

जो खुद 7 भाई-बहन वो जनसंख्या नियंत्रण की बात क्या करेगा?

अबू आसिम आजमी ने जनसंख्या नियंत्रण कानून पर कहा है कि सीएम योगी खुद सात भाई-बहन हैं। ऐसे में जनसंख्या नियंत्रण की बात कैसे कर सकते हैं? कहा कि आजादी के बाद देश में खाद्यान्न की कमी जरूर थी, लेकिन आज देश के पास इतना खाद्यान्न का भंडार है कि काफी खाद्यान्न गोदामों में सड़ रहा है। उसके मैनेजमेंट की उचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बच्चों को अल्लाह और ईश्वर की देन बताते हुए कहा है सरकार को जनसंख्या नियंत्रण से ज्यादा लोगों के स्वास्थ्य, रोजगार और खाद्यान्न की चिंता करनी चाहिए।

अबू आसिम आजमी ने जापान और चीन का उदाहरण देते हुए कहा है इन देशों ने जनसंख्या नियंत्रण पॉलिसी लागू की थी, लेकिन क्या हश्र हुआ। इन‌ देशों में युवाओं की तादाद घट गई। आज जापान लोगों से जल्दी शादी कर जल्दी बच्चे पैदा करने की बात कर रहा है। तो वहीं एक बच्चे के बजाय अब 3 बच्चे पैदा करने की बात चीन कह रहा है।

सपा नेता अबू आसिम आजमी ने कहा है की उनकी पार्टी सभी जातियों और वर्गों के लिए काम करती है। इसलिए उनकी पार्टी सभी लोगों के बीच जा रही है।

जो ब्राह्मणों को गाली देते थे वो आज सम्मेलन कर रहे हैं

उन्होंने बसपा का नाम लिए बगैर कहा कि तिलक, तराजू और तलवार इनको मारो जूते चार कहने वाली पार्टी अगर ब्राह्मणों का सम्मेलन कर रही है तो यह सोचने का विषय है, लेकिन‌ समाजवादी पार्टी सभी जातियों और वर्गों को साथ लेकर चलने की बात करती है। सपा सभी वर्गों के साथ ब्राह्मणों के बीच भी जाएगी और अगर कहीं कोई गलतफहमी है तो उसे भी दूर करेगी।

Latest News

World News