Trending News

देव दीपावली: काशी में देवताओं के स्वागत में जलेंगे 15 लाख दीप

[Edited By: Vijay]

Friday, 19th November , 2021 01:34 pm

देव दीपावली पर आज शाम  काशी के अर्ध चंद्राकार घाटों पर अलौकिक दृश्य दिखाई देगा। 84 घाटों पर 15 लाख से ज्यादा दीपक एक साथ जगमगाएंगे। मां जाह्नवी के अर्द्धचंद्राकार तट देव दीपावली की रात स्वर्णिम आभा से दैदीप्यमान होंगे। 84 घाट, कुंड, गलियां और घर की चौखट पर देवताओं के स्वागत में दीप जलाए जाएंगे।

कार्तिक पूर्णिमा की रात सुरसरि के तट पर देवों की दीपावली की आभा चंद्रमा को भी चुनौती देगी। अस्सी से राजघाट तक दीपों की शृंखला के चंद्रहार की झिलमिलाती रौशनी से घाटों का शृंगार होगा। शुक्रवार शाम को देव दीपावली महोत्सव का उल्लास उत्सवधर्मी शहर बनारस के जन-मन पर नजर आएगा।

अलौकिक, अद्भुत और भव्य देव दीपावली

देर रात तक देव दीपावली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। काशी के घाट, कुंड, सरोवर, मंदिर और घरों की चौखट भी रौशन होगी। गंगा के तट से लेकर गंगा पार रेती तक दीपों की लड़ियां जगमग होंगी। गंगा पार डोमरी में लगातार दूसरे साल भी देव दीपावली का विस्तार नजर आएगा। अलौकिक, अद्भुत और भव्य देव दीपावली के नजारे को आंखों में समा लेने के लिए काशी की जनता उमड़ेगी। 

बनारस की देवदीपावली तो हर साल नित नए प्रतिमान गढ़ रही है। 15 सालों की अनवरत प्रवाहमान प्रकाश मणिमाला की परंपरा शुक्रवार को निभाई जाएगी। सुरसरि के तट पर पहली बार मां गंगा की आरती मातृशक्ति स्वरूपा कन्याएं उतारेंगी। दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति और गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित गंगा आरती में कन्याएं आरती का प्रतिनिधित्व करेंगी। 

गंगा के तट पर देव दीपावली की भव्यता श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। कहीं श्रीकृष्ण लीला, कहीं राम लीला, कहीं अहिंसा का संदेश तो कहीं संगीतकारों के कार्यक्रम, कहीं लेजर शो और मां गंगा की महाआरती की भव्यता का नजारा मनमोहक होगा।

इन घाटों पर विशेष तैयारी

तुलसी घाट पर कंस वध की लीला और कंस का पुतला दहन, जैन घाट पर अहिंसा परमो धर्म का संदेश देती रंगोली, प्रभु घाट पर चित्रों, चेतसिंह घाट पर लेजर शो में काशी की संस्कृति, मंदिर, घाट और काशी विश्वनाथ के दर्शन होंगे। महानिर्वाणी घाट, हरिश्चंद्र घाट, शिवाला घाट पर दीयों के जरिए शिवजी का दर्शन, दशाश्वमेध घाट पर इंडिया गेट पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित होगी

 

 

Latest News

World News