दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने गुरुवार शाम को शपथ लेने के 6 घंटे बाद यमुना घाट पर आरती की। उनके साथ 6 मंत्री भी थे। रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार की पहली कैबिनेट बैठक शुरू हुई।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “आज सचिवालय आकर मुख्यमंत्री कार्यालय में हमने चार्ज संभाल लिया है। आज शाम कैबिनेट मीटिंग रखी गई है। हमारा विकसित दिल्ली का लक्ष्य पूरा करने के लिए लगातार काम किया जाएगा… हम दिल्ली से किए गए एक-एक वादे को पूरा करेंगे…”
दिल्ली कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “… हम अपने संकल्प पत्र की एक-एक चीज को कैबिनेट में लाएंगे और उसे पूरा करेंगे… यह सरकार रात-दिन काम करेगी। यह सरकार विश्राम के लिए नहीं बल्कि काम के लिए आई है। यह सरकार बहानों के लिए नहीं बल्कि दिल्ली वालों को एक सुंदर दिल्ली देने के लिए आई है।”
AAP नेता आतिशी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत भाजपा के सभी नेताओं ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि दिल्ली की प्रत्येक महिला को 2500 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे… आज शाम 7 बजे दिल्ली सरकार की कैबिनेट की पहली बैठक है। आज दिल्ली की सभी महिलाओं की ओर से मेरी रेखा गुप्ता से यह मांग है कि वे महिलाओं को दी जाने वाली 2500 रुपए प्रतिमाह की स्कीम पास करें। आज दिल्ली की सभी महिलाएं इंतजार कर रही हैं।”