Trending News

मेरे भाई को नहीं खरीद पाए और ना कभी खरीद पाएंगे - प्रियंका गांधी

[Edited By: Rajendra]

Wednesday, 4th January , 2023 01:33 pm

राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास द्वारा राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' को समर्थन देने के बाद अब राम मंदिर ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने कहा है कि राहुल गांधी की यात्रा की प्रशंसा की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आरएसएस ने भारत जोड़ो यात्रा की कभी निंदा नहीं की है। उन्होंने राहुल को 'देश के लिए पैदल चलने वाला नौजवान' बताते हुए कहा, मैं उनके कदम की सराहना करता हूं। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। मैं आरएसएस का कार्यकर्ता हूं और आरएसएस ने कभी भी भारत जोड़ो यात्रा की निंदा नहीं की है। उन्होंने कहा, वह इस खराब मौसम में चल रहे हैं और इसकी सराहना की जानी चाहिए। मुझे कहना होगा कि सभी को देश की यात्रा करनी चाहिए।

राहुल की यात्रा के उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने से एक दिन पहले राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने राहुल गांधी को यात्रा की सफलता, अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना की। मुख्य पुजारी ने एक पत्र में लिखा, आप लोगों के हित में और लोगों की खुशी के लिए सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय के लिए काम कर रहे हैं। मैं भगवान राम की कृपा आप पर हमेशा बनाए रखना चाहता हूं।

मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा में रिसर्च एंड एनालिसिस विंग के पूर्व प्रमुख एएस दुलत, शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी शामिल हुईं। प्रियंका गांधी भी इसमें शामिल हुईं। हालांकि, इस यात्रा में मायावती और अखिलेश यादव शामिल नहीं होंगे।

कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को गाजियाबाद के लोनी में अपने भाई का स्वागत करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी की छवि को खराब करने के लिए सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च किए, लेकिन ये सच्चाई से पीछे नहीं हटे। देश के शीर्ष उद्योगपतियों का नाम लेते हुए प्रियंका ने राहुल की जमकर तारीफ की, उन्होंने कहा कि अडानी जी और अंबानी जी ने देश के सारे नेताओं को खरीद लिया लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए और ना कभी खरीद पाएंगे। यूपी में भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करते हुए प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में राहुल गांधी को योद्धा बताते हुए कहा कि राहुल आज मोहब्बत की दुकानें खोल रहे हैं, मुझे मेरे भाई पर गर्व है।

Latest News

World News