Trending News

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कर्नाटक के मांड्या में ‘भारत जोड़ो यात्रा' शामिल हुईं

[Edited By: Rajendra]

Thursday, 6th October , 2022 12:54 pm

राहुल गांधी इन दिनों कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। यात्रा इन दिनों भारतीय जनता पार्टी शासित कर्नाटक से होकर गुजर रही है। आज उनकी मां और कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी इसमें शामिल हुईं। यात्रा के दौरान राहुल की कई तस्वीरें हाल के दिनों में वायरल हुई हैं। आज जो फोटो सोशल मीडिया में घूम रही है, उसमें वह बीच सड़क पर अपनी मां के जूतों के फीते को बांधते नजर आ रहे हैं। शशि थरूर ने भी इस फोटो को शेयर किया। उन्होंने लिखा, मां तो मां होती है, उनका कोई तोड़ नहीं होता।

सोशल मीडिया पर इस तस्वीर को लेकर राहुल गांधी को बहुत समर्थन मिल रहा है जबकि कुछ लोग इस तस्वीर को लेकर नकारात्मक कमेंट भी कर रहे हैं। @nikhil_inc नाम का ट्विटर यूजर इस फोटो को शेयर करते हुए लिखता है ‘मां के बराबर कोई नहीं’ इस तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर निखिल के अलावा और भी कई लोगों ने सराहना की है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बृहस्पतिवार को कर्नाटक के मांड्या में ‘भारत जोड़ो यात्रा' शामिल हुईं और राहुल गांधी तथा अन्य ‘भारत यात्रियों' के साथ पदयात्रा की। सोनिया ने मांड्या जिले के डाक बंगला इलाके से पदयात्रा आरंभ की। वह पहली बार ‘भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हुईं। सोनिया का कर्नाटक विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले मांड्या में पदयात्रा करना इस मायने में भी महत्वपूर्ण है कि यह देवगौड़ा परिवार के दबदबे वाला क्षेत्र माना जाता है।

लंबे समय बाद सोनिया किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुई हैं। स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने पिछले कुछ चुनावों में प्रचार भी नहीं किया था। भारत जोड़ो यात्रा के शुरुआत के वक्त सोनिया गांधी विदेश में अपना इलाज करवा रही थीं। उस वक्त उनकी मां का भी निधन हो गया था। सोनिया के साथ प्रियंका और राहुल भी इटली गए थे। सोनिया कुछ दिनों पहले ही वह भारत लौटी हैं।

सोनिया गांधी 4 सितंबर को कर्नाटक पहुंची थीं। उन्होंने दशहरा पर एचडी कोट विधानसभा के बेगुर गांव में भीमनाकोली मंदिर में पूजा अर्चना की। सोनिया आज मंड्या जिले में पदयात्रा में शामिल हुईं। वे कुछ दूर तक अपने बेटे राहुल गांधी के साथ भी चलेंगी।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, “यह ऐतिहासिक क्षण है कि सोनिया गांधी जी इस यात्रा में शामिल हुई हैं। इससे पार्टी कर्नाटक में और मजबूत होगी।” राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गत सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत की थी। इन दिनों यात्रा कर्नाटक में है. यात्रा का समापन अगले साल की शुरुआत में कश्मीर में होगा। इस यात्रा के तहत कुल 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

पार्टी ने राहुल समेत उन 119 नेताओं को ‘भारत यात्री' नाम दिया है, जो पदयात्रा करते हुए कश्मीर तक जाएंगे। ये लोग 3,570 किलोमीटर की निर्धारित दूरी तय करेंगे। कांग्रेस का मानना है कि यह यात्रा पार्टी के लिए संजीवनी का काम करेगी।

Latest News

World News