Trending News

महाराष्ट्रः नांदेड़ में 25 मार्च से 4 अप्रैल तक संपूर्ण लॉकडाउन का ऐलान, जरूरी चीजों की खुलेंगी दुकानें

[Edited By: Punit tiwari]

Wednesday, 24th March , 2021 06:30 pm

महाराष्ट्र के नांदेड़ और बीड में संपूर्ण लॉकडाउन का फैसला लिया गया है। नांदेड़ में आज रात 12 बजे से 4 अप्रैल तक और बीड़ में कल रात 12 बजे से 4 अप्रैल तक लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान जरूरी सर्विस ही जारी रहेगी। साथ ही दूध, सब्ज़ी फल की दुकानें सुबह सात से लेकर दोपहर 12 बजे तक खुली रहेंगी। देश में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में दर्ज हो रहे हैं।

नांदेड़ के डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर डॉक्टर विपिन इटनकर ने आज बुधवार को आदेश जारी करते हुए जिले में 11 दिनों के लॉकडाउन का ऐलान किया। जिला प्रशासन की ओर से सख्त लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। यह लॉकडाउन गुरुवार से लगेगा और अगले 11 दिनों तक जारी रहेगा। इस दौरान होली भी पड़ रही है जिससे इस त्योहार पर भी खासा असर पड़ेगा। नांदेड़ में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1,330 हो गई है। आज 10 कोरोना मरीजों की मौत हुई।

बता दें कि राज्य में कल कोरोना के 28 हजार 699 नए केस दर्ज हुए हैं. वहीं कल 132 लोगों की मौत हो गई। हालांकि इस महामारी को मात देकर 13 हजार 165 लोग ठीक भी हुए हैं। बड़ी बात यह है कि महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे दूसरी बार कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में अबतक कोरोना के 25 लाख 33 हजार 26 केस दर्ज हो चुके हैं। इनमें से 53 हजार 589 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि अभी दो लाख 30 हजार 641 लोगों का इलाज चल रहा है। राज्य में अबतक 22 लाख 47 हजार 495 लोग ठीक हुए हैं।

Latest News

World News