Trending News

गोवा गुटखा किंग जगदीश जोशी का बेटा सचिन जोशी गिरफ्तार

[Edited By: Punit tiwari]

Monday, 15th February , 2021 03:04 pm

नई दिल्ली- गोवा गुटखा किंग के नाम से पहचाने जाने वाले उद्यमी जगदीश जोशी के बेटे सचिन जोशी को ईडी यानि प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पहले ईडी ने मुंबई ब्रांच में सचिन से कई घंटे पूछताछ की। ईडी के सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान के रहने वाले सचिन जोशी को ओमकार बिल्डर से जुड़े करीब 100 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंगमामले में रविवार सुबह पूछताछ के लिए बुलाया गया। ईडी ने 7 घंटे की पूछताछ के दौरान जब पाया कि सचिन सही जानकारी नहीं दे रहा है तो उसे औपचारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया।

सचिन जोशी की गिरफ्तारी के बाद ईडी की मुंबई ब्रांच के नजदीकी थाने और उसके परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई। सचिन जोशी को आज मुंबई में स्थानीय कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा, जहां उसकी रिमांड की मांग की जाएगी। रिमांड मिलने पर ईडी घोटाला मामले में आगे की पूछताछ करेगा। ईडी के मुताबिक, पिछले महीने झोपड़पट्टी पुनर्वास योजना से संबंधित स्कीम में फर्जीवाड़े को अंजाम देने वाले ओमकार बिल्डर के मालिक कमल गुप्ता और प्रबंध निदेशक बाबूलाल वर्मा को गिरफ्तार किया गया था। उनसे हुई पूछताछ में सचिन जोशी के बारे में काफी अहम सबूत और बयान मिलने के बाद रविवार शाम को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। ये मामला मुंबई में प्रवर्तन निदेशालय के जोन-2 में रजिस्टर्ड है।

सचिन जोशी ने साल 2017 में विजय माल्या का गोवा में स्थित 'किंगफिशर' बंगला भी खरीदा था। सचिन जोशी JMJ ग्रुप के प्रमोटर भी हैं जो पान मसाला, परफ्यूम, द्रव्य पदार्थों और शराब का व्यापार करता है। सचिन जोशी प्लेबॉय (रेस्टोरेंट एंड क्लब चेन) की भारतीय फ्रेंचाइजी के मालिक भी हैं। उनकी शादी मॉडल और अभिनेत्री उर्वशी शर्मा से हुई है।

पहले भी विवादों में रहा है सचिन जोशी
सचिन जोशी साउथ इंडिया की कई फिल्मों के साथ ही कई बॉलीवुड फिल्मों में भी काम कर चुका है। उसके पिता जगदीश जोशी गोवा गुटखा किंग के नाम से जाने जाते हैं। सचिन जोशी ने भगोड़ा कारोबारी विजय माल्या के गोवा के विवादास्पद बंगले को पिछले साल खरीद लिया था। नीलामी के दौरान उस बंगले के लिए सचिन जोशी ने करीब 73 करोड़ रुपये चुकाए थे। इसके बाद सचिन जोशी का नाम बहुत तेजी से चर्चा में आया था।

जगदीश जोशी भी रह चुके हैं विवादों में
सचिन जोशी के पिता जगदीश जोशी पर साल 2001 में अपनी बेटी के प्रेमी की हत्या का आरोप लगा था। साथ ही उनको लेकर सबसे ज्यादा चर्चा 2004 में तक हुई थी, जब जगदीश जोशी का नाम अंडरवल्ड डॉन दाउद इब्राहिम और उसके भाई अनिस इब्राहिम के साथ जुडा था। जगदीश जोशी पर ये आरोप लगा था कि वह अंडरवल्ड का पैसा गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री में निवेश करते थे। इसके बाद जगदीश जोशी समेत कई आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत मामला भी दर्ज किया गया था। हालांकि, काफी विवादों में रहने के बाद जगदीश जोशी को राहत मिल गई थी।

Latest News

World News