Trending News

भाजपा का आप के खिलाफ एक और स्टिंग, केजरीवाल का जवाब

[Edited By: Rajendra]

Monday, 21st November , 2022 01:20 pm

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ एक और स्टिंग जारी करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घेरने की कोशिश की है। भाजपा का कहना है कि रोहिणी वार्ड 54 से टिकट की दावेदार आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता बिंदु श्रीराम ने यह स्टिंग ऑपरेशन किया है। टिकट के बदले 'आप' नेताओं ने 80 लाख रुपए की मांग की थी। बिंदु ने पूरी बातचीत को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया है।

भाजपा प्रवक्ता सबित पात्रा ने बिंदु श्रीराम के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मीडिया के सामने कथित स्टिंग दिखाया। बताया गया है कि खुद बिंदु श्रीराम ने इन्हें अपने कैमरे में कैद किया और एकमुश्त पैसे ना दे पाने की वजह से जब उन्हें टिकट नहीं मिला तो वीडियो भाजपा को सौंप दिया। पात्रा ने बताया कि बिंदु कांग्रेस की पूर्व नेता हैं और करीब दो साल पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुईं थीं। पात्रा ने कहा कि बिंदु से 80 लाख रुपए की डिमांड की गई थी।

संबित पात्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने ही लोगों से कहा था कि जहां भी भ्रष्टाचार हो रहा हो उसका स्टिंग कर लीजिए। बिंदु जी ने अरविंद केजरीवाल की सलाह मानी जो उन्होंने स्टिंग के लिए दी थी। बिंदु जी ने भी ऐसे ही जाल बिछाया जिसमें केजरीवाल के एक से एक दिग्गज फंस गए। पात्रा ने आप नेता पुनीत गोयल, आरआर पठानिया, दिनेश श्रॉफ आदि का नाम लिया। उन्होंने गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, आतिशी मार्निला, आदिल खानकी कमेटी का भी जिक्र किया।

बिंदु श्रीराम ने भी आम आदमी पार्टी पर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, ''यह छोटा मोटा गैंग नहीं है। यह चोरों की बारात है, जिसका दूल्हा अरविंद केजरीवाल है। एमसीडी में सरकार बनाने का दावा करते हुए ये जमीनी कार्यकर्ता से मेहनत कराते हैं और धनवान को टिकट बेच देते हैं। इन्होंने कई जगहों से पैसे बटोरे हैं। वे लोग अब रो रहे हैं।'' बिंदु ने दिल्ली और गुजरात की जनता से आम आदमी पार्टी को वोट ना देने की अपील की। उन्होंने गुजराती में गुजरात के मतदाताओं से कहा कि जो टिकट बेच सकता है वह गुजरात को भी बेच सकता है।

पिछले हफ्ते ही भाजपा ने आम आदमी पार्टी नेता मुकेश गोयल का एक स्टिंग वीडियो जारी किया था। संबित पात्रा ने मुकेश पर आरोप लगाया था कि उन्होंने जेई से एक करोड़ रुपए की रिश्वत ली है। संबित ने कहा था कि मुकेश एमसीडी का घाघ नेता माना जाता है और केजरीवाल का राइट हैंड है। उन्होंने यह भी कहा था कि एमसीडी से जुड़े मामले में मुकेश गोयल की सलाह के बिना केजरीवाल कोई फैसला नहीं लेते हैं।

केजरीवाल ने भाजपा के स्टिंग का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले रोज नई नौटंकी करते हैं। पहले कहा कि दिल्ली में शराब घोटाला हुआ, फिर बोले कि बस घोटाला हुआ है। केजरीवाल ने दावा करते हुए कहा कि हम पर जितने भी आरोप लगाए गए हैं, वो पूरी तरह से झूठ हैं। आरोपों की जांच करा लो, कहीं कुछ नहीं निकलेगा।

आम आदमी पार्टी नेता दिलीप पांडेय ने पूरे मामले में कहा कि भाजपा के वीडियो स्टिंग में जिस व्यक्ति का नाम लिया गया है, उसका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा ने दिल्ली में काम किया होता तो उसे इस तरह फर्जी वीडियो नहीं जुटाना पड़ता। फर्जी वीडियो से तय है कि भाजपा एमसीडी चुनाव हार रही है।

Latest News

World News