Trending News

कर्नाटक में हार का असर भाजपा को राज्यसभा में भी देखने को मिलेगा

[Edited By: Rajendra]

Monday, 15th May , 2023 12:56 pm

कर्नाटक में भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी थी लेकिन कांग्रेस प्रचंड जीत हासिल करने में कामयाब रही। अब कर्नाटक में हार का असर भाजपा को राज्यसभा में भी देखने को मिलेगा। हालांकि पिछले साल कर्नाटक की 4 राज्यसभा की सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी को 3 सीटें हासिल हुईं थीं। कर्नाटक में राज्यसभा की 12 सीटें हैं। आगे जब ये सीटें खाली होंगी तो बीजेपी को संख्या बल पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। मौजूदा समय में राज्यसभा में बीजेपी की 92 सीटें हैं, जबकि कांग्रेस की 31 सीटें ही हैं। तृणमूल कांग्रेस की 13 सीटें, आम आदमी पार्टी और डीएमके की 10-10 सीटें हैं। कर्नाटक से उच्च सदन के चार सदस्य अगले साल रिटायर होने वाले हैं, ऐसे में कांग्रेस को तीन सीटें फिर से मिल जाएंगी। तीन साल में पार्टी की पोजीशन भी राज्य की 12 सीटों में से 7 पर पहुंच जाएगी।

उच्च सदन की बात करें तो कर्नाटक में इस समय भाजपा के पास 6, कांग्रेस के पास 5 और जेडीएस के पास 1 सीट है। चुनाव में जेडीएस को तगड़ा झटका लगा है और अब 2026 में एचडी देवगौड़ा का कार्यकाल पूरा होने के बाद जेडीएस की उच्च सदन में पोजीशन शून्य हो जाएगी। अगले साल रिटायर होने वालों में भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और तीन कांग्रेस के सांसद हैं। इस समय चार जम्मू-कश्मीर और दो नामित सीटें राज्यसभा की खाली हैं। इस समय कुल संख्या 239 है। राज्य से चार राज्यसभा सदस्यों-कांग्रेस के सैयद नासिर हुसैन, जी सी चंद्रशेखर और एल हनुमंथैया के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर का कार्यकाल 2024 में समाप्त हो रहा है।

शनिवार को राज्य की 224 विधानसभा सीटों में से 65 पर जीत हासिल करने वाली भाजपा अगले साल अपने एक उम्मीदवार को राज्यसभा के लिए भेज पाएगी। भाजपा के पास वर्तमान में कर्नाटक से छह राज्यसभा सदस्य हैं, जिनमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी शामिल हैं। राज्य की 12 राज्यसभा सीटों में से कांग्रेस के पांच और जनता दल (सेक्युलर) के एक सदस्य हैं। पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा जनता दल (सेक्युलर) के राज्यसभा में एकमात्र सदस्य हैं। देवेगौड़ा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का कार्यकाल 2026 में भाजपा के इरन्ना कदली और नारायण कोरागप्पा के साथ समाप्त होगा। सीतारमण समेत चार अन्य सदस्यों का कार्यकाल 2028 में खत्म होगा।

हाल में बीजेपी हिमाचल और कर्नाटक का चुनाव हारी है। हिमाचल में कुल 3 सीटें हैं। वहां कांग्रेस को जितनी सीटें मिली हैं उस हिसाब से पार्टी को अगले संसदीय चुनावों से पहले अप्रैल 2024 में राज्यसभा की 3 में से एक और दो साल बाद दूसरी सीट मिल जाएगी। फिलहाल राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश के सभी 3 सदस्य बीजेपी से हैं। इसमें पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा भी शामिल हैं, जो अप्रैल 2024 में रिटायर होंगे। राज्य की तीसरी सीट का फैसला केवल अगली विधानसभा द्वारा तय किया जाएगा, क्योंकि 2028 में वहां सीट खाली होगी।

इस साल बीजेपी ने गुजरात विधानसभा में जबरदस्त जीत हासिल की है। गुजरात में राज्यसभा की 11 सीटें हैं। 2026 तक गुजरात के सभी 11 राज्यसभा सदस्य बीजेपी के होंगे। फिलहाल गुजरात से राज्यसभा में बीजेपी के 8 और कांग्रेस के 3 सदस्य हैं। अगले साल अगस्त में राज्यसभा में खाली हो रही 3 सीटों पर बीजेपी अपने सदस्य बनाएगी। अप्रैल 2024 में लोकसभा चुनाव के आसपास राज्यसभा की सीटों में बड़ा परिवर्तन होगा। तब राज्यसभा की 56 सीटों के लिए मतदान होगा।

Latest News

World News