Trending News

बीजेपी की नजर अब बीएमसी चुनावों पर

[Edited By: Rajendra]

Saturday, 12th December , 2020 05:06 pm

हैदराबाद में हाल ही में हुए नागरिक निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारतीय जनता पार्टी की नजर अब बृहन्मुंबई महानगर पालिका चुनावों पर लग गई है।

मुंबई में नगर निगम चुनावों पर नया कारनामा करने की आस लगाए बीजेपी के अध्‍यक्ष जेपी नड्डा 18 दिसंबर को तीन दिवसीय दौरे पर मुंबई जाने वाले हैं।

227 कॉर्पोरेटर सीटों के साथ बीएमसी देश की सबसे महत्वपूर्ण और नकदी संपन्न नागरिक निकायों में से एक है, जहां पर 2022 की शुरुआत में चुनाव होंगे।

पिछले महीने ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (जीएचएमसी) के चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया और दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। 2016 में पिछले जीएचएमसी चुनाव में सिर्फ चार सीटों की तुलना में बीजेपी ने 48 सीटें जीती थीं।

अब, पार्टी आगामी मुंबई नागरिक निकाय चुनावों में अपने जीएचएमसी चुनाव प्रदर्शन को दोहराना चाह रही है।

शिवसेना और भाजपा ने कई बार एक साथ मुंबई नागरिक चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों दलों ने 2017 में यहां पर अलग-अलग चुनाव लड़ा। कभी सहयोगी रही दोनों पार्टियां अब बीएमसी पर नियंत्रण के लिए एक लंबी लड़ाई के लिए तैयार हो रहे हैं।

पिछले साल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से शिवसेना के बाहर होने के बाद भाजपा ने घोषणा की थी कि वह बीएमसी चुनाव 2022 में अपने दम पर लड़ेगी। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 के बाद शिवसेना ने अपने दशकों पुराने सहयोगी के साथ संबंध तोड़ते हुए राज्य में एनसीपी और कांग्रेस के साथ सरकार बनाई थी। दोनों के बीच मुख्यमंत्री पद के लिए मतभेद हो गए थे।

फरवरी 2022 में बीएमसी और नौ अन्य नागरिक निगमों, साथ ही 27 जिला परिषदों और ग्राम पंचायतों के चुनाव होने हैं।

Latest News

World News