Trending News

अंतिम चरण का मतदान-5 बजे तक 54% मतदान, यूक्रेन से आई कृतिका ने डाला वोट-LIVE UPDATES

[Edited By: Vijay]

Monday, 7th March , 2022 06:25 pm

पूर्वांचल में 9 जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। शाम 5 बजे तक 54.18% वोटिंग हुई है। सबसे ज्यादा चंदौली में 59.59% वोटिंग हुई। जबकि आजमगढ़ में सबसे कम 52.34% वोटिंग हुई है। उधर, यूपी चुनाव में गुजरात पुलिस की ड्यूटी को लेकर हंगामा मच गया है। किसान नेता योगेंद्र यादव ने एक वीडियो ट्वीट किया। इसमें गुजरात पुलिस का एक जवान कह रहा है कि योगी ही आएगा।

उन्होंने इस वीडियो के साथ चुनाव आयोग को टैग किया है। साथ ही लिखा- देखिए! गुजरात पुलिस यूपी में चुनाव कराने आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद योगी ही आएंगे...कहने वाले गुजरात पुलिस के जवान को ड्यूटी से हटा दिया गया है। मिर्जापुर पुलिस ने इसकी जानकारी दी। हालांकि इससे पहले वाराणसी के DM ने कहा था कि वाराणसी में कहीं पर भी गुजरात पुलिस की ड्यूटी नहीं लगी है। बता दें कि चंदौली और मिर्जापुर में चुनाव कराने में गुजरात पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।

LIVE अपडेट्स

आजमगढ़ में सिधारी थाना क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर गांव में सपा-भाजपा के कार्यकर्ताओं में झड़प हुई। इसके बाद कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। यह सदर विधानसभा क्षेत्र में है। पुलिस मौके पर पहुंची है। यहां सपा से दुर्गा प्रसाद यादव और भाजपा से अखिलेश मिश्रा गुड्डू चुनाव लड़ रहे हैं। दुर्गा प्रसाद यादव पर अखिलेश मिश्रा को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

वाराणसी के सारनाथ में भाजपा कार्यकर्ता ने एक बूथ सेंट मैरिज स्कूल पर पार्टी का झंडा लगा दिया। इस पर सपा समर्थकों से कहासुनी हो गई। पुलिस ने झंडा हटाया और कहा कि वह बूथ से 200 मीटर की दूरी पर ही लगाया जा सकता है।

जौनपुर के मल्हनी में बाहुबली और जेडीयू प्रत्याशी धनंजय सिंह पर बूथ पर वोटरों को धमकाने और फर्जी वोटिंग का आरोप सपा ने लगाया है। उन्होंने धनंजय सिंह के लोगों कार्यकर्ता और दलित समाज के लोगों को धमकाने का भी आरोप लगाया है।

जौनपुर के जफराबाद में भाजपा समर्थकों ने मतदान कर्मी पर वोट डालने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। लगभग 1 घंटे तक मतदान बाधित रहा। मौके पर पहुंचे बीजेपी विधायक डॉ. हरेंद्र यादव ने कहा कि पीठासीन अधिकारी और मतदान कर्मी सरकार बदलने की बात कर रहे हैं।

                                                     

यूक्रेन से आई कृतिका ने वाराणसी में वोट डाला। उन्होंने कहा कि वोट डालना उनकी जिम्मेदारी है। भले ही वह एक युद्ध जोन से और काफी मुश्किल हालात से निकलकर आया है।

वाराणसी में योगी सरकार के मंत्री नीलकंठ तिवारी की बूथ के बाहर सुरक्षाकर्मियों से झड़प हो गई। वह अपने समर्थकों के साथ बूथ पर जा रहे थे। इस पर सुरक्षाकर्मियों ने उनको रोका तो वह भड़क गए। मंत्री सुरक्षाकर्मियों से बहस करने लग गए। काफी देर के बाद मामला शांत हुआ।

NDA गठबंधन का हिस्सा अपना दल(एस) की प्रमुख अनुप्रिया पटेल ने मिर्जापुर में वोट डाला। उन्होंने दावा किया कि मिर्जापुर की सभी सीटों को एनडीए गठबंधन जीतेगा। 10 मार्च के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य और जयंत चौधरी पछताएंगे।

वाराणसी में सलारपुर में कमल निशान और मंत्री अनिल राजभर की फोटो लगी मतदाता पर्ची बांटे जाने पर हंगामा हो गया। बसपा समर्थकों ने विरोध किया तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। सपा ने भी इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की है।

किसान नेता योगेंद्र यादव, रिटायर्ड IAS सूर्य प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो ट्वीट करके लिखा कि चुनाव ड्यूटी में गुजरात पुलिस को लगाया गया है। वाराणसी डीएम ने जवाब देते हुए कहा कि अफवाह मत फैलाइए। वाराणसी में गुजरात पुलिस की कहीं पर कोई ड्यूटी नहीं लगी है।

काशी में ही मंत्री रविंद्र जयसवाल वोट डालने पहुंचे तो उनको 30 मिनट तक वेट करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान कर्मी वोटर्स को वोट डालने से रोक रहे हैं। इसकी शिकायत उन्होंने डीएम से की।

आजमगढ़ की सगड़ी के छपरा में सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील करने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट। पुलिस ने मोर्चा संभाला।

गाजीपुर के रेवतीपुर के नवली में सपा और भाजपा समर्थकों द्वारा वोट करने जा रहे लोगों को अपने पक्ष में मतदान करने को लेकर बहस होने लगी। देखते ही देखते हाथापाई के साथ ही दोनों पक्ष ईंट पत्थर चलाने लगे।

आजमगढ़ में मतदान बूथ के अंदर का वीडियो बनाने वाले प्रशांत यादव को पुलिस ने पकड़ लिया। उसे थाने के लॉकअप में रखा गया है।

वाराणसी में शिवपुर के भवानीपुर बूथ संख्या 27 पर मतदाता पर्ची न होने के कारण मतदाताओं को लौटाया जा रहा था। डीएम ने कहा वोटर लिस्ट में नाम है तो आईडी प्रूफ देखकर मतदान कराएं।

रोहनिया के बूथ संख्या 82 पर अभी तक पोलिंग स्टार्ट नहीं। पीठासीन अधिकारी व सेक्टर मजिस्ट्रेट से कंट्रोल रूम के कर्मचारी संपर्क कर रहे हैं।

शाम 5 बजे तक 9 जिलों में मतदान प्रतिशत

जिला

मतदान प्रतिशत

आजमगढ़

52.34%

भदोही

53.67%

चंदौली

59.59%

गाजीपुर

53.55%

जौनपुर

54.26%

मऊ

55.04%

मिर्जापुर

54.93%

सोनभद्र

53.79%

वाराणसी

59.95%

 

Latest News

World News